बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान पत्नी ने अपने पति के पैर पकड़ रखे थे, जबकि प्रेमी ने चाकू से उस पर कई वार किए. इस हमले में पति की मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे. लेकिन इस कहानी में एक और हैरान करने वाला मोड़ आया.
पति की हत्या के बाद महिला ने अपने प्रेमी को भी छोड़ दिया और दूसरी शादी कर ली. अब करीब 11 महीने बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के केतीपरा मोहल्ले की नई बस्ती का है. मृतक की पहचान रियासत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हापुड़ जिले के भटियाना गांव का रहने वाला था. वह अपने परिवार के साथ बागपत में रहता था. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसकी पत्नी साईन उर्फ साइना की पड़ोस में रहने वाले सारिम उर्फ कटा से नजदीकियां बढ़ गई थीं.
पुलिस का कहना है कि साईन और सारिम के बीच प्रेम संबंध बन गए थे. जब रियासत को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा. आरोप है कि इसके बाद साईन और सारिम ने मिलकर रियासत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर 2025 की शाम सारिम रियासत के घर पहुंचा था. वहां रियासत ने उसे देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान मामला हिंसा तक पहुंच गया. आरोप है कि सारिम ने रियासत पर चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान साईन ने अपने पति के पैर पकड़ लिए, जिससे वह बचकर भाग न सके. वहीं सारिम ने उसके सीने पर चाकू से कई वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण रियासत की मौत हो गई.
रियासत की हत्या के बाद साईन और सारिम दोनों फरार हो गए थे. पुलिस ने दोनों पर इनाम घोषित किया था. कुछ समय बाद सारिम ने अदालत में सरेंडर कर दिया, लेकिन साईन पुलिस की पकड़ से बाहर रही. पुलिस की जांच में सामने आया कि साईन ने मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक से दूसरा निकाह कर लिया था. इसके बाद वह उसके साथ रहने लगी. यानी जिस प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है, वह रिश्ता भी ज्यादा समय तक कायम नहीं रहा.
पुलिस करीब 11 महीने से साईन की तलाश कर रही थी. उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. हाल ही में पुलिस को मुखबिर से उसकी मौजूदगी की सूचना मिली. इसके बाद बागपत कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे एक होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
साईन की गिरफ्तारी के बाद भी रियासत के परिवार की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. मृतक के भाई इसरार का आरोप है कि साईन के परिवार के कुछ लोग उन पर केस में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं. परिवार ने धमकियां मिलने की शिकायत भी की है. इसरार ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा दी जाए. फिलहाल इस मामले में साईन जेल भेजी जा चुकी है, जबकि दूसरा आरोपी सारिम पहले ही अदालत में सरेंडर कर चुका है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.