menu-icon
India Daily

'मच्छर और माफिया दोनों का किया खात्मा', कुशीनगर में गरजे योगी, फाजिलनगर का नाम 'पावागढ़' करने का किया ऐलान

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी है. साथ ही उन्होंने स्थानीय मांग पर ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए 'फाजिलनगर' का नाम बदलकर 'पावागढ़' करने का एलान किया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'मच्छर और माफिया दोनों का किया खात्मा', कुशीनगर में गरजे योगी, फाजिलनगर का नाम 'पावागढ़' करने का किया ऐलान
Courtesy: pintrest

कुशीनगर: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी किसी जिले के दौरे पर जाते हैं तो वहां विकास की सौगातों के साथ-साथ इतिहास और संस्कृति को नया रंग देने का एलान जूरर करते हैं. इस बार उनके निशान पर कुशीनगर था जहां उन्होंने विकास के पहिए को रफ्तार देने के साथ ही एक बड़े नाम बदलने की घोषणा कर दी है.

सीएम योगी ने कुशीनगर के विकास के लिए 424 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का तोहफा दिया है. एक बड़ी जनसभा के दौरान कुल 278 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जिसका मकसद जिले में बुनियादी सुविधाओं और सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाना है.

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और 2017 से पहले की सरकारों पर तीखे हमले किए. उन्होंने कहा कि पहले कुशीनगर की हालत बेहद खराब थी जहां स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं और अपराध का बोलबाला था. उस दौर में खनन माफिया, रेत माफिया, और तमाम अपराधी बेखौफ घूमते थे और स्थानीय लोगों में उनका डर बना रहता था.

मच्छर और माफिया दोनों का किया सफाया

योगी ने इंसेफेलाइटिस यानी दिमागी बुखार जैसी बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में यह एक अभिशाप थी जिसकी वजह से मासूम बच्चों की जान चली जाती थी. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारा और इस बीमारी पर पूरी तरह काबू पाया. कानून व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि आज उनके शासन में मच्छर और माफिया दोनों का ही सफाया हो चुका है. यानी बीमारी और अपराध का खात्मा हो गया है.

गन्ना किसानों पर भी बोले सीएम

इसके साथ ही सीएम योगी ने पहले के समय में किसानों की खासकर गन्ना किसानों की बदहाली की भी बात करते हुए कहा कि पहले उन्हें भुगतान और खरीद के लिए भटकना पड़ता था लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है. इसके अलाव उन्होंने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष को घेरा और कहा कि राम मंदिर का निर्माण सिर्फ बीजेपी सरकार के आने से ही मुमकिन हो पाया है जबकि पुरानी सरकारों ने इस काम को सालों तक अटकाए रखा था.

फाजिलनगर के नाम बदलने की घोषणा की

इस पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी सुर्खी रही फाजिलनगर का नाम बदलने की घोषणा रही. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने एलान किया कि सरकार ने फाजिलनगर का नाम बदलकर 'पावागढ़' करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है. उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि यह नया नाम इस क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को दर्शाता है क्योंकि इसका सीधा संबंध भगवान महावीर से है.