menu-icon
India Daily

अमेरिका-यूरोप तक पहुंचा कोरोना का नया वेरिएंट, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

कनाडा के ओंटारियो में मई 2026 में मिला कोरोना का नया वेरिएंट PJ.2.1 अब अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
अमेरिका-यूरोप तक पहुंचा कोरोना का नया वेरिएंट, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
Courtesy: Pinterest

साल 2020 में कोरोना ने जो कोहराम मचाया था, उसे भूल पाना आसान नहीं. अब उसी वायरस का नया रूप PJ.2.1 एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार पहचाने गए इस रूप के मामले बाद में अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी मिले. सवाल यह है कि क्या संक्रमण की एक और लहर आएगी, और क्या मौजूदा इम्युनिटी बचाव के लिए काफी है?

चाबी में छिपा बदलाव

इस वेरिएंट के स्पाइक प्रोटीन में बहुत अधिक म्यूटेशन हुए हैं. स्पाइक प्रोटीन कोरोना वायरस का वह हिस्सा है, जो उसे इंसानी कोशिकाओं के अंदर घुसने में मदद करता है. यह किसी चाबी की तरह ACE2 रिसेप्टर्स से जुड़कर शरीर की कोशिकाओं में अपनी जगह बना लेता है. इसी वजह से लोग जानना चाहते हैं कि कहीं यह पहले से ज्यादा खतरनाक तो नहीं.

शोध ने दी थोड़ी राहत

'जर्नल ऑफ इन्फेक्शन' में छपे शुरुआती शोध के मुताबिक इसके तेजी से फैलने की मुख्य वजह शायद यह है कि यह ACE2 रिसेप्टर से ज्यादा मजबूती से जुड़ता है. ऐसा नहीं माना गया कि यह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज़ को आसानी से चकमा दे देता है. हालांकि ये नतीजे अभी शुरुआती हैं, इसलिए आगे आने वाले अध्ययनों पर भी नजर रखनी होगी.

WHO की नजर, पर घबराहट की जरूरत नहीं

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि कोविड 19 के लक्षण इन्फ्लूएंजा और सांस की दूसरी बीमारियों जैसे हो सकते हैं. इसलिए सिर्फ लक्षण देखकर बीमारी पहचानना मुश्किल होता है. संगठन ने लगातार निगरानी की जरूरत बताई है, लेकिन अभी ऐसे पर्याप्त सबूत नहीं हैं जो साबित करें कि यह पहले के वेरिएंट्स से ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है.

शरीर देता है ये संकेत

लक्षण आम फ्लू जैसे ही हैं. मरीज को ठंड लगना, सिरदर्द, बुखार, नाक बंद होना, गले में खराश, थकान और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है. कुछ लोगों को पेट से जुड़ी परेशानियां भी हो सकती हैं. संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बोलने पर निकलने वाली बूंदों से वायरस दूसरों तक पहुंचता है, इसलिए कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को खास सावधानी रखनी चाहिए.

सुरक्षा के छोटे कदम, बड़ा असर

कम हवादार और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क जरूर पहनें. कमरे में हवा का आना जाना बनाए रखें और फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों से दूरी रखें. हाथ साफ रखें और चेहरे को बार बार न छुएं. जरा भी शक हो तो जांच कराएं और बीमार होने पर लोगों से मिलना कम करें. खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें और वैक्सीन को लेकर खुद को अपडेट रखें