ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. योगी ने अंसारी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे भारत की परंपरा और संस्कृति को लेकर गलत संदेश गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने एक दिन पहले ऐसा बयान दिया, जिसका जवाब देना उन्हें उचित नहीं लगता. हालांकि, उन्होंने अंसारी की बातों को भारत की परंपरा और संस्कृति के लिए चिंताजनक बताया. योगी के मुताबिक, बयान में सनातन परंपरा और हिंदू संस्कृति को लेकर ऐसी बातें कही गईं, जिन्हें वे भारत की छवि खराब करने की कोशिश मानते हैं. अंसारी ने अपने भाषण में हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता को भारत के लिए खतरा बताया था.
योगी ने राहुल गांधी के इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल का हालिया आचरण नारी के सम्मान के खिलाफ है. योगी ने कहा कि भारतीय संस्कारों में बुजुर्गों और महिलाओं को रास्ता देने जैसी बातें सामान्य मानी जाती हैं. राहुल के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने भी मंच पर हुई एक मिमिक्री और बुजुर्ग महिला से जुड़े मजाक पर सवाल उठाए हैं.
मुख्यमंत्री रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गौतमबुद्धनगर पहुंचे और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम का आयोजन 19 और 20 सितंबर को किया जा रहा है. इसके बाद योगी नोएडा में कलराज मिश्रा के आवास पर जाकर दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि देंगे और परिवार से मुलाकात करेंगे. इसके बाद उनके एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंचने की संभावना है, जहां 25 से 29 सितंबर तक होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की जा सकती है.