menu-icon
India Daily

'गिरगिट रंग बदल सकता है, आदत नहीं', PDA के बहाने अखिलेश पर बरसे आकाश आनंद

बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या के सोहावल में जनसभा कर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव को गिरगिट बताया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'गिरगिट रंग बदल सकता है, आदत नहीं', PDA के बहाने अखिलेश पर बरसे आकाश आनंद
Courtesy: Pinterest

बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या में जनसभा कर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. अयोध्या के सोहावल में आयोजित इस रैली में उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाया. उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले पर सवाल खड़े करते हुए अखिलेश यादव को गिरगिट तक कह दिया. वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया.

आकाश आनंद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह करना क्या चाहते हैं. उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि पहले PDA में P का मतलब पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात इसका मतलब पंडित हो गया. उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते इसका मतलब फिर बदल सकता है. 

सपा के दलित सम्मेलन पर भी उठाए सवाल

आकाश आनंद ने सपा के दलित सम्मेलन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एक दिन का सम्मेलन करने से कोई पूरी पार्टी दलितों की पार्टी नहीं बन जाती. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गिरगिट रंग बदल सकता है, अपनी आदत नहीं. इस दौरान उन्होंने सपा नेता रामगोपाल यादव पर भी निशाना साधा.

पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश सरकार को पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा. उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 साल में प्रदेश में 10 से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं. उन्होंने कहा कि युवा सालभर मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपर बाजार में पहुंच जाता है. उनके मुताबिक, प्रदेश में अगर कोई चीज समय से पहले पहुंचती है तो वह लीक हुआ पेपर है. 

उन्होंने दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में दीये जलाने के रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हर साल नए रिकॉर्ड बनाती है, लेकिन उसे यह भी बताना चाहिए कि विकास की रोशनी कितने घरों तक पहुंच रही है. उन्होंने कहा कि दीये जलाने का रिकॉर्ड तो टूट रहा है, लेकिन बेरोजगारी का रिकॉर्ड भी लगातार बढ़ रहा है.

भाजपा विधायक अमित सिंह चौहान पर साधा निशाना

आकाश आनंद ने बीकापुर से भाजपा विधायक अमित सिंह चौहान पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विधायक पेशे से डॉक्टर हैं, इसलिए उन्हें लगा था कि उनके क्षेत्र के अस्पताल भी अच्छे होंगे. लेकिन बीकापुर के मरीजों को आज भी इलाज के लिए लखनऊ जाना पड़ता है.

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक चुनाव से दो महीने पहले गांव-गांव जाकर लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद पांच साल तक जनता को उनका इंतजार करना पड़ता है. आकाश आनंद ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक लोगों के फोन तक नहीं उठाते. इसी दौरान उन्होंने बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार घोषित किया.

कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

आकाश आनंद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला दिया. उन्होंने दावा किया कि हत्याओं के मामलों में उत्तर प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है और यहां हर साल 3 हजार से ज्यादा हत्याएं होती हैं. 

महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में भी उन्होंने प्रदेश की स्थिति पर सवाल उठाए. उनका दावा था कि राज्य में हर साल 65 हजार से ज्यादा ऐसे मामले सामने आते हैं. उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को प्रदेश के तीन सबसे बड़े मुद्दे बताते हुए कहा कि इन तीनों क्षेत्रों में सरकार का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है. उन्होंने जनता से चुनाव के दौरान इन मुद्दों पर सरकार से हिसाब लेने की अपील की.

राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी किया हमला

बसपा नेता ने कांग्रेस और राहुल गांधी को भी अपने निशाने पर लिया. उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस आज आंबेडकर की तस्वीर लेकर घूमती है, लेकिन उनके साथ पार्टी के पुराने व्यवहार पर बात नहीं करती. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आरक्षण को किताबों तक सीमित रखा. 

आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वजह से आंबेडकर को नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था. उन्होंने कांग्रेस और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि कांग्रेस की हमदर्दी राज्यों के हिसाब से बदल जाती है. आकाश आनंद ने जनता से अपील की कि वह शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों पर चुनाव में अपना फैसला सुनाए.