उत्तर प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है. बुधवार, 18 नवंबर 2026 को लखनऊ पुलिस लाइंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम' का शुभारंभ किया.
इस पहल का उद्देश्य यूपी पुलिस की आतंकवाद निरोधक क्षमता, विशेष अभियानों में कौशल और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्रवाई करने की दक्षता बढ़ाना है. इसके साथ ही NSG और यूपी पुलिस के बीच बेहतर तालमेल और अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां लगातार बदल रही हैं. ऐसे में आधुनिक तकनीक, बेहतर रणनीति, तेजी से निर्णय लेने की क्षमता और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद जरूरी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संयुक्त प्रशिक्षण से दोनों बलों की कार्यक्षमता और आपसी समन्वय मजबूत होगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए गए हैं. 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा यूपी-112 की आपातकालीन सेवा के रिस्पॉन्स टाइम में भी सुधार किया गया है.
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी आज रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में आयोजित NSG एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर NSG कमांडोज ने मॉक ड्रिल के माध्यम से अदम्य साहस, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन करते हुए आतंकियों को निष्क्रिय करने का सफल अभ्यास किया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि NSG एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच यह संयुक्त प्रशिक्षण आतंकवाद और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता को और मजबूत करेगा। जय हिंद!
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 18, 2026
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, प्रदेश में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की 21 फील्ड यूनिट काम कर रही हैं. वर्ष 2017 के बाद इनमें 10 नई यूनिट जोड़ी गई हैं. यूपी ATS ने अपनी महिला कमांडो टीम को SPOT यानी स्पेशल पुलिस ऑपरेशंस टीम का हिस्सा बनाया है.
ATS में अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑपरेशंस जैसी विशेष इकाइयां भी बनाई गई हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध, हवाला नेटवर्क और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होने वाली गतिविधियां आंतरिक सुरक्षा के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं. इनसे निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में NSG टास्क फोर्स की तैनाती और मिल्कीपुर में NSG हब की स्थापना के लिए जमीन उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन पहलों से उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत की आतंकवाद निरोधक तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी.
NSG के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने बताया कि अयोध्या में नई टास्क फोर्स की तैनाती हो चुकी है. इसके लिए आठ एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है. वहीं, मिल्कीपुर में NSG हब बनाने के लिए 65 एकड़ जमीन दी गई है और इसका काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि NSG और यूपी पुलिस के बीच पहले से बेहतर समन्वय रहा है. अब ATS के SPOT कमांडो और अन्य पुलिसकर्मियों की प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के लिए 18 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा.
इस दौरान आधुनिक तकनीक, नई प्रशिक्षण पद्धतियों, मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) और सुरक्षा रणनीतियों पर जानकारी साझा की जाएगी. अलग-अलग अभ्यास सत्रों के जरिए दोनों बलों की परिचालन क्षमता को बेहतर बनाया जाएगा.
इस कार्यक्रम में कुल 10 विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें करीब 690 पुलिसकर्मी हिस्सा लेंगे. इनमें ATS/SPOT के 260, सुरक्षा विभाग के 240, STF के 10 और विशेष सुरक्षा बल (SSF) के 30 जवान शामिल हैं. इसके अलावा NSG और ATS/SPOT के 150 जवान संयुक्त अभ्यास और मॉक ड्रिल में हिस्सा लेंगे.
प्रशिक्षण में पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO), टैक्टिकल ड्राइविंग, अर्बन असॉल्ट, स्नाइपर ट्रेनिंग, काउंटर ड्रोन, K-9 यानी श्वान दस्ता, काउंटर IED, विशेष आतंकवाद निरोधक प्रशिक्षण और बंधक संकट से निपटने के लिए बातचीत जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं. इनमें से ज्यादातर पाठ्यक्रम दो सप्ताह के होंगे.
NSG के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की 'प्रहार' नीति के तहत देशभर में आतंकवाद निरोधक क्षमता बढ़ाने की पहल की जा रही है. इसी के तहत यूपी पुलिस के चयनित जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा.
इसमें आतंकवाद विरोधी कार्रवाई, ड्रोन से होने वाले हमलों को रोकना, विमान अपहरण की स्थिति से निपटना, बम का पता लगाना और उसे निष्क्रिय करना, K-9 ऑपरेशन और वीआईपी सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं.
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर NSG ने ऑपरेशनल कैपेबिलिटी डेमोंस्ट्रेशन के तहत अपनी विशेष क्षमताओं का प्रदर्शन किया. इसमें MI-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग, ऊंचाई से विशेष प्रवेश तकनीक, इमारतों में कार्रवाई, K-9 डेमो और अर्बन असॉल्ट का प्रदर्शन शामिल रहा.
इसके अलावा क्राव मागा, RSP, वीआईपी सुरक्षा, टैक्टिकल ड्राइविंग और एंटी-ड्रोन तकनीक का भी प्रदर्शन किया गया. मुख्यमंत्री और NSG महानिदेशक की मौजूदगी में यूपी पुलिस, ATS और NSG ने अपनी परिचालन क्षमताओं की झलक पेश की.
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने कहा कि आतंकवाद, संगठित अपराध, संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और बड़े आयोजनों के प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित पुलिस बल और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है.
उन्होंने नवंबर 2025 में वाराणसी के रविदास घाट पर NSG, भारतीय वायुसेना, यूपी पुलिस और NDRF की संयुक्त मॉक ड्रिल का उल्लेख किया. अगस्त 2026 में भी NSG, वाराणसी पुलिस और ATS ने संयुक्त अभ्यास किया था. इन अभ्यासों में सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई, VVIP काफिले की सुरक्षा और आपातकालीन निकासी की तैयारियों को परखा गया था.
उन्होंने महाकुंभ-2025 को भी बेहतर सुरक्षा समन्वय का उदाहरण बताया. उनके मुताबिक, करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में संयुक्त तैयारी, प्रशिक्षण और स्पष्ट जिम्मेदारियों की अहम भूमिका रही.
कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रशिक्षण ले रहे पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे यहां मिले ज्ञान और अनुभव का इस्तेमाल अपने कार्यक्षेत्र में करें. इस मौके पर अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, NSG के IG (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला, IG ATS प्रेम गौतम समेत NSG और यूपी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे.