menu-icon
India Daily

यूपी में घने कोहरे का कहर, दो बाइकों की टक्कर में 5 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

​​​​​​​Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर मंगलवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई.

Shilpa Shrivastava
यूपी में घने कोहरे का कहर, दो बाइकों की टक्कर में 5 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल
Courtesy: India Daily 24x7

Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर मंगलवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया.

रात 11 बजे हुआ भीषण हादसा:

यह दुर्घटना 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुई. पुलिस के मुताबिक, उस समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी काफी कम थी. इसी दौरान टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे की चपेट में कुछ पैदल राहगीर भी आ गए.

पांच युवकों की मौत:

इस हादसे में गुफरान (18), सलीम (20), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) की जान चली गई. सभी मृतक बलरामपुर जिले के रहने वाले थे. वहीं, मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया.

मामले की जांच हुई शुरू:

हादसे की सूचना मिलते ही उतरौला पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. बलरामपुर के एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त हेलमेट समेत अन्य सबूत जुटाए हैं. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.