menu-icon
India Daily

‘दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी…’, सपा के रोड शो में मासूम की मौत पर भड़के योगी

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत का मामला राजनीतिक विवाद बन गया है. रोड शो के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से बीजेपी नेता के बेटे की जान चली गई थी.

Shilpa Shrivastava
‘दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी…’, सपा के रोड शो में मासूम की मौत पर भड़के योगी
Courtesy: ANI X

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. रोड शो के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से बीजेपी नेता के बेटे की जान चली गई थी. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी और औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बच्चे की मौत पर दुख जताया और घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की.

मासूम की मौत पर सीएम योगी ने जताया गुस्सा:

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि रोड शो के दौरान हुई अराजकता में एक मासूम की जान चली गई. उन्होंने विपक्ष की ओर से संवेदना नहीं जताए जाने पर भी सवाल उठाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और प्रशासन को घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें.

सपा को बताया अराजकता और गुंडागर्दी का पर्याय:

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया का प्रभाव था. योगी आदित्यनाथ ने रोड शो में बच्चे की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि एक मासूम को राजनीतिक कार्यक्रम का शिकार बना दिया गया. उन्होंने सपा को अराजकता और गुंडागर्दी से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने जनता का शोषण किया है.

गुंडे-माफिया पर फिर सख्ती के संकेत:

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी पर पहले भी लगाम लगाई गई है और अब एक बार फिर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून के जरिए उन्हें नियंत्रित किया जाएगा.