menu-icon
India Daily

यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक 82 हजार भर्तियों के नियुक्ति पत्र बांटेगी योगी सरकार: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 50 हजार से अधिक युवाओं को टैबलेट वितरित किए. उन्होंने 26 जनवरी तक हजारों भर्तियों के नियुक्ति पत्र बांटने और नशे के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Anuj Kumar
Reported By: Anuj Kumar
यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक 82 हजार भर्तियों के नियुक्ति पत्र बांटेगी योगी सरकार: सीएम योगी
Courtesy: @myogiadityanath

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए. इस कार्यक्रम में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के युवा शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए और योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी देखी. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली.

 26 जनवरी तक हजारों युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की कमी नहीं है. पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के करीब 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं.

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इन भर्तियों के नियुक्ति पत्र 26 जनवरी तक वितरित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस दौरान हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र बांटने का सिलसिला जारी रहेगा.

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का दावा

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह और सैफई सिंडिकेट का दबदबा था. अब प्रदेश में प्रतिभा और योग्यता के आधार पर भर्तियां हो रही हैं. उन्होंने पेपर लीक के मामलों में आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माने और संपत्ति जब्त करने जैसे सख्त प्रावधानों का भी जिक्र किया.

नशे के कारोबारियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने जा रही है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य और करियर से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी.

टैबलेट को मनोरंजन नहीं, पढ़ाई और स्किलिंग का माध्यम बनाएं युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि टैबलेट एक चलता-फिरता विश्वविद्यालय है, जिसका उपयोग पढ़ाई, जानकारी और कौशल विकास के लिए किया जाना चाहिए. पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे. मुख्यमंत्री के अनुसार, आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में इस योजना का लाभ करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई थी.

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है. इन टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक मुफ्त ऑनलाइन कोर्स और युवा साथी ऐप की सुविधा उपलब्ध है. मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे सोशल मीडिया पर रील देखने में 30 सेकंड लगाने के बजाय कौशल सीखने के लिए रोजाना तीन घंटे दें.

उन्होंने डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखने, सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली सामग्री की तथ्यात्मक जांच करने और टैबलेट का इस्तेमाल जनगणना 2027 की स्वगणना तथा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरने में करने की भी अपील की.

हर जिले में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाया जाएगा. यहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं के साथ आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसका उद्देश्य उन्हें देश और विदेश की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या पहले 120 थी, जो अब बढ़कर 25 हजार हो गई है. स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है. ओडीओपी, ओडीओसी और मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से भी युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की व्यवस्था की गई है. वहीं, 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा मिल रही है.

तीन गुना हुई यूपी की अर्थव्यवस्था

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पिछले कुछ वर्षों में तीन गुना बढ़ी है. प्रदेश की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. उन्होंने दावा किया कि 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बने हैं. अकेले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है.

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश के करीब 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, 17 एयरपोर्ट और बेहतर परिवहन सुविधाएं विकसित हुई हैं. गोरखपुर में एम्स और पांच विश्वविद्यालयों की मौजूदगी को भी उन्होंने पूर्वांचल के विकास का उदाहरण बताया. उनके अनुसार, पूर्वांचल अब इंसेफेलाइटिस की समस्या से मुक्त हो चुका है.

बेटियों की सुरक्षा पर बोले सीएम, अराजकता बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव और दंगों के बजाय विकास और उत्सव से हो रही है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और कामकाजी बेटियां रात दो बजे भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

इस दौरान उन्होंने लखनऊ में एचसीएल टेक के सेंटर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है. मुख्यमंत्री ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया.

सपा के जुलूस में छात्र की मौत पर जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में दो दिन पहले समाजवादी पार्टी के जुलूस के दौरान दसवीं कक्षा के एक छात्र की मौत की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने बताया कि छात्र अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था. वह चौरी-चौरा आंदोलन के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था. मुख्यमंत्री ने इस घटना को प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

केंद्रीय मंत्री और सांसद ने भी युवाओं को किया संबोधित

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल मनोरंजन के बजाय पढ़ाई, कौशल विकास और मतदाता पंजीकरण के लिए करने की अपील की. उन्होंने नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया.

मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और मुख्यमंत्री के डिजिटल यूपी के संकल्प से प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है. वहीं, सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि पूर्वांचल अब पलायन की पहचान से निकलकर शिक्षा, नवाचार और विकास का केंद्र बन रहा है.

कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.