menu-icon
India Daily

बहराइच से चुनावी बिगुल फूंकेंगी अनुप्रिया पटेल, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल 2 अगस्त को बहराइच में जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम में शामिल होंगी. कार्यक्रम में विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर विशेष फोकस रहेगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बहराइच से चुनावी बिगुल फूंकेंगी अनुप्रिया पटेल, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
Courtesy: @AnupriyaSPatel X Account

बहराइच: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अपना दल (एस) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल 2 अगस्त को बहराइच में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम में शामिल होंगी. इस कार्यक्रम को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ता समागम में राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है.

क्या है प्लानिंग?

समागम के दौरान अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन देंगी. साथ ही बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा.

अपना दल (एस) इन दिनों प्रदेशभर में संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है. पार्टी का लक्ष्य हर जिले और प्रत्येक बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है, ताकि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं की भूमिका और प्रभाव को बढ़ाया जा सके.

पार्टी नेतृत्व का क्या है मानना?

बहराइच में होने वाला यह कार्यकर्ता समागम भी इसी व्यापक अभियान का हिस्सा है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही चुनावी सफलता की आधारशिला होते हैं. इसलिए कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

राजनीतिक जानकारों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी दल अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं. ऐसे में अपना दल (एस) का यह कार्यक्रम भी चुनावी रणनीति को धार देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.