सनातन धर्म की सबसे पवित्र और श्रद्धा से जुड़ी यात्राओं में से एक श्री अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ शुक्रवार से हो गया. हर वर्ष लाखों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए कठिन पर्वतीय मार्ग तय करते हैं.
यात्रा शुरू होने के साथ ही पूरे देश में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*ने भी सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं दी हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि सनातन आस्था के महापर्व श्री अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो रहा है और इस पुण्य यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को हृदय से बधाई. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन सभी श्रद्धालुओं को प्राप्त हों तथा उनका जीवन सुख, शांति और कल्याण से परिपूर्ण हो. उन्होंने अपने संदेश का समापन जय बाबा अमरनाथ के उद्घोष के साथ किया.
अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है. हर वर्ष देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु कठिन प्राकृतिक परिस्थितियों के बावजूद बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. समुद्र तल से लगभग 12,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है.
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए जाते हैं. चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा बलों की तैनाती, यातायात प्रबंधन, विश्राम स्थलों और संचार व्यवस्था को मजबूत बनाया जाता है, ताकि यात्रा सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके.
हिंदू धर्म में अमरनाथ गुफा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. मान्यता है कि इसी पवित्र गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाया था. इसी कारण यह स्थान करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है. गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला हिम शिवलिंग भगवान शिव के दिव्य स्वरूप का प्रतीक माना जाता है, जिसके दर्शन के लिए हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं.