menu-icon
India Daily

रेलकर्मियों के लिए बड़ा अलर्ट, ड्यूटी पर रील बनाई तो होगी कार्रवाई; रेलवे ने जारी किए सख्त आदेश

रेलवे प्रशासन ने ड्यूटी के दौरान रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. चलिए जानते हैं क्यों लिया गया है एक्शन.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
रेलकर्मियों के लिए बड़ा अलर्ट, ड्यूटी पर रील बनाई तो होगी कार्रवाई; रेलवे ने जारी किए सख्त आदेश
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

वाराणसी: रेलवे प्रशासन ने ड्यूटी के दौरान रील, वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. वाराणसी मंडल ने परिचालन से जुड़े कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रेलवे की सुरक्षा, परिचालन और संवेदनशील गतिविधियों से जुड़ी कोई भी सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

वाराणसी मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने 29 जून 2026 को जारी पत्र में रेलवे सेवा (आचरण) नियम, 1966 का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं. पत्र में कहा गया है कि सतर्कता विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ कर्मचारी ड्यूटी के दौरान रेलवे स्टेशन, चलती ट्रेन, कंट्रोल रूम, परिचालन व्यवस्था और अन्य कार्यस्थलों के वीडियो बनाकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर रहे हैं. कुछ मामलों में कर्मचारी इन वीडियो के जरिए आर्थिक लाभ भी कमा रहे हैं.

रेलवे प्रशासन का क्या है कहना?

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस तरह के वीडियो रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं. संवेदनशील स्थानों, उपकरणों और परिचालन गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक होने से सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं. इसी कारण कर्मचारियों को किसी भी तरह की संवेदनशील जानकारी, वीडियो, फोटो या अन्य सामग्री इंटरनेट पर साझा करने से पूरी तरह रोक दिया गया है.

मंडल परिचालन प्रबंधक ने क्या दिए आदेश?

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने सभी यातायात निरीक्षकों, स्टेशन अधीक्षकों, स्टेशन मास्टरों, ट्रेन मैनेजरों, मुख्य नियंत्रकों और अन्य परिचालन कर्मचारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि यदि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए.

क्यों लिया गया ये फैसला?

रेलवे विभाग में यह पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि हाल के दिनों में रेलकर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान रील बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं. इसी वजह से प्रशासन ने अब इस पर सख्ती दिखाने का फैसला किया है.

हाल ही में उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात एक महिला टीटीई को ड्यूटी के दौरान रील बनाने के मामले में चेतावनी जारी की थी. वहीं पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर जंक्शन पर भी एक महिला टीटीई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे प्लेटफॉर्म ड्यूटी से हटाकर बुकिंग काउंटर पर तैनात किया गया था.

रेलवे अधिकारियों ने क्या बताया?

रेलवे अधिकारियों के अनुसार वाराणसी मंडल के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ और इज्जतनगर मंडल समेत भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन में ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और ट्रेनों का सुरक्षित तथा निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना है.