menu-icon
India Daily

'मेरे साथ रात बिताओ, तभी...', गाना शूट करने के लिए डायरेक्टर ने रखी ये शर्त, मॉडल का पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पर बड़ा आरोप

दिल्ली की मॉडल श्वेता खन्ना ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम के बदले समझौते के दबाव का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि दो अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के दौरान उन्हें अनुचित शर्तें मानने के लिए कहा गया था.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'मेरे साथ रात बिताओ, तभी...', गाना शूट करने के लिए डायरेक्टर ने रखी ये शर्त, मॉडल का पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री पर बड़ा आरोप
Courtesy: official_shwetta_s_khanna

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री एक बार फिर विवादों के केंद्र में है. दिल्ली की मॉडल श्वेता खन्ना ने अपने करियर के शुरुआती दिनों के अनुभव साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गानों में काम देने के नाम पर उन्हें कई बार ऐसे प्रस्ताव मिले जिन्हें उन्होंने ठुकरा दिया. श्वेता के अनुसार पंजाब में दो अलग-अलग म्यूजिक प्रोजेक्ट्स के दौरान उन्हें समझौता करने के लिए कहा गया. उन्होंने दावा किया कि एक मामले में उनकी सहमति के बिना कुछ दृश्य भी सार्वजनिक कर दिए गए थे.

लुधियाना में शूटिंग से पहले सामने आई शर्त

श्वेता खन्ना के मुताबिक वर्ष 2020 में उन्हें एक पंजाबी गाने में काम करने का प्रस्ताव मिला और शूटिंग के लिए लुधियाना बुलाया गया. इस अवसर को लेकर वह और उनका परिवार काफी उत्साहित थे. उन्हें बताया गया कि अगली सुबह अलग-अलग लोकेशनों पर शूटिंग होगी इसलिए एक दिन पहले होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है. श्वेता का दावा है कि रात के समय निर्देशक होटल के कमरे में पहुंचे और बातचीत के दौरान उन्होंने ऐसी शर्त रखी जिसे सुनकर वह हैरान रह गईं. मॉडल के अनुसार उन्हें साफ संकेत दिया गया कि यदि वह उनकी बात नहीं मानेंगी तो गाना रिलीज नहीं किया जाएगा. हालांकि उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया और बाद में अपने पति को पूरी जानकारी दी.

दूसरे प्रोजेक्ट में भी विवाद और आरोप

मॉडल ने बताया कि वर्ष 2021 में उन्हें एक अन्य पंजाबी गाने की शूटिंग के लिए फगवाड़ा बुलाया गया था. यह शूट एक स्विमिंग पूल में होना था. श्वेता का आरोप है कि शूटिंग के दौरान कुछ दृश्य ऐसे एंगल से रिकॉर्ड किए गए जिनके बारे में उन्हें पहले से जानकारी नहीं दी गई थी. उनका कहना है कि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या जरूरत से ज्यादा बोल्ड दृश्य का इस्तेमाल नहीं किया जाए. इसी दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट से जुड़े एक व्यक्ति ने उनसे बार-बार अनुचित मांगें कीं जिससे सेट पर तनाव की स्थिति बन गई.

बिना जानकारी रिलीज हुआ गाना, फिर हटवाया

श्वेता के अनुसार शूटिंग पूरी होने के बाद उन्हें यह जानकारी भी नहीं दी गई कि गाना कब रिलीज होगा. कुछ दिनों बाद एक परिचित के जरिए उन्हें पता चला कि वीडियो सार्वजनिक हो चुका है और उसमें ऐसे दृश्य शामिल हैं जिन पर उन्होंने पहले ही आपत्ति जताई थी. वीडियो देखने के बाद उन्होंने तुरंत इसे हटाने की मांग की. मॉडल का कहना है कि उनकी अनुमति के बिना फुटेज का इस्तेमाल किया गया था और कोई औपचारिक अनुबंध भी नहीं हुआ था. इसके बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद कथित तौर पर वीडियो को प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. श्वेता का कहना है कि वह यह अनुभव इसलिए साझा कर रही हैं ताकि इंडस्ट्री में आने वाली नई लड़कियां सतर्क रह सकें.