menu-icon
India Daily

30 अगस्त से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, मोहाली में दिखेगा शुभमन गिल-अर्शदीप सिंह समेत स्टार खिलाड़ियों का जलवा

पंजाब में शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का शुभारंभ हो गया है. टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. भारतीय कप्तान शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह समेत कई स्टार खिलाड़ी लीग में खेलते नजर आएंगे.

KanhaiyaaZee
30 अगस्त से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, मोहाली में दिखेगा शुभमन गिल-अर्शदीप सिंह समेत स्टार खिलाड़ियों का जलवा
Courtesy: X

चंडीगढ़: पंजाब के क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस महीने रोमांच का डबल डोज मिलने वाला है. मोहाली स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का भव्य आगाज हो गया है. इस लीग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा और कई अन्य चर्चित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. टूर्नामेंट का उद्देश्य घरेलू प्रतिभाओं को बड़े मंच पर खेलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर देना है.

मोहाली के पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की औपचारिक शुरुआत हुई. इस मौके पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता और सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर मौजूद रहे. भारतीय कप्तान शुभमन गिल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम का आकर्षण और बढ़ा दिया.

छह टीमें खेलेंगी 27 मुकाबले

इस बार लीग में अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. पूरे टूर्नामेंट में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे. आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता राज्य के क्रिकेट कैलेंडर का महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगी और दर्शकों को उच्च स्तर का रोमांच देखने को मिलेगा.

9 अगस्त को होगी खिलाड़ियों की नीलामी

लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 9 अगस्त को आयोजित की जाएगी. प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 45 लाख रुपये का पर्स दिया गया है और वह अधिकतम 20 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकेगी. मार्की खिलाड़ियों की कीमत 10 लाख रुपये तय की गई है, जबकि आइकन खिलाड़ियों की बेस प्राइस 1.50 लाख रुपये रखी गई है.

घरेलू खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

प्रथम श्रेणी, अंडर-23, अंडर-19 और जिला स्तर के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग बेस प्राइस निर्धारित की गई है. इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. लीग में शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, गुरनूर बराड़ और रमनदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उभरते क्रिकेटरों के लिए बड़ी सीख होगी.

पंजाब क्रिकेट को मिलेगी नई दिशा

पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि यह लीग मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच का परिणाम है. इसका मकसद राज्य के खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल उपलब्ध कराना और उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करना है. उद्घाटन समारोह में टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया और फ्रेंचाइजी मालिकों तथा प्रमुख खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.