menu-icon
India Daily

पंजाबी सिंगर निज्जर पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, कॉलेज में कैमरा ऑन होते ही हाथों में दिखी बंदूकें; जानें पूरा मामला

जालंधर के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर उर्फ हरिंदर पाल सिंह के गानें की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर हथियार दिखाने का मामला सामने आया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
पंजाबी सिंगर निज्जर पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, कॉलेज में कैमरा ऑन होते ही हाथों में दिखी बंदूकें; जानें पूरा मामला
Courtesy: instagram.com/nijjaxr and Pinterest

जालंधर: जालंधर के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पंजाबी गायक निज्जर उर्फ हरिंदर पाल सिंह के गीत की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में गायक और उसके कुछ साथी कथित तौर पर हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इस मामले की शिकायत की गई. पुलिस ने अब संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले ने कॉलेज परिसर में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ई-मेल से शिकायत

मामले में केमिस्ट्री गुरु प्रो. एमपी सिंह ने जालंधर के डीसी वरजीत सिंह वालिया और कॉलेज प्रबंधन को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी. इसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जानकारी जुटाई. एडीसीपी-1 मुख्तियार राय के अनुसार, वीडियो में गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर कॉलेज में अपने गीत की शूटिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्ट में वह और उसके साथी कथित तौर पर हथियार प्रदर्शित करते नजर आए.

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में थाना नंबर एक में बीएनएस की धारा 223 और 190 के साथ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर की जाएगी.

कॉलेज परिसर में गन कल्चर पर उठे सवाल

शिकायतकर्ता प्रो. एमपी सिंह ने कॉलेज की प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए इस तरह की शूटिंग पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि यह एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है और यहां से कई नामी सूफी तथा गजल गायक निकल चुके हैं. ऐसे स्थान पर गीत की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर हथियार दिखाना उचित नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऐसी स्थिति में गोली चल जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा.

अब जांच के दायरे में शूटिंग से जुड़े लोग

पुलिस मामले में गायक और उसके साथियों की भूमिका की जांच कर रही है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हथियारों और शूटिंग से जुड़े घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों ने कहा है कि सार्वजनिक तौर पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी.