menu-icon
India Daily

अमृतसर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 21 किलो हेरोइन और आइस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके पास से 21 किलो से ज्यादा हेरोइन, आइस और एक पिस्तौल बरामद हुई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अमृतसर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 21 किलो हेरोइन और आइस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
Courtesy: X

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, आइस और एक अवैध पिस्तौल बरामद की है. शुरुआती जांच में विदेशी हैंडलर के साथ उनके संबंध सामने आए हैं.

पांच आरोपियों से भारी मात्रा में नशा और हथियार बरामद

कमिश्नरेट पुलिस ने इस कार्रवाई में गुरदासपुर, अमृतसर और आसपास के इलाकों के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों के पास से करीब 21 किलो 250 ग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आइस और एक पिस्तौल बरामद की गई है. पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.

विदेशी हैंडलर से जुड़कर पाकिस्तान से मंगवा रहे थे खेप

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से नशीले पदार्थों की खेप मंगवाई जाती थी, जिसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाना था. पुलिस ने बताया कि पहले दो आरोपियों को पिस्तौल और कारतूस के साथ पकड़ा गया. उनकी निशानदेही पर बाकी तीन आरोपियों को भारी मात्रा में हेरोइन और आइस के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है.

पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुखप्रीत सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ पहले से नशा तस्करी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और सीमावर्ती इलाकों के जरिए नशे की सप्लाई करता था. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.