menu-icon
India Daily

पंजाब में फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, ASI की वर्दी पहनकर लोगों पर जमाती थी रौब

मोगा पुलिस ने खुद को पंजाब पुलिस की सहायक थानेदार बताने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पंजाब में फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, ASI की वर्दी पहनकर लोगों पर जमाती थी रौब
Courtesy: X

पंजाब के मोगा में पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पंजाब पुलिस की अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाती थी. पुलिस ने उसके पास से फर्जी पहचान पत्र, पुलिस की वर्दी और वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं. अब उससे पूछताछ जारी है.

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

मोगा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोमलप्रीत कौर नाम की महिला खुद को पंजाब पुलिस की कर्मचारी बताकर लोगों को प्रभावित करती है. बताया गया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर खुलेआम बाजार और सार्वजनिक जगहों पर घूमती थी. सूचना मिलते ही फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी के प्रभारी मोहकम सिंह अपनी टीम और महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. आईटीआई मोगा के सामने महिला को घेरकर पकड़ लिया गया. पुलिस ने मौके पर ही उसकी पहचान की जांच की, जिसमें उसके दस्तावेज और गतिविधियां संदिग्ध मिलीं.

वर्दी, फर्जी आईकार्ड और वॉकी-टॉकी हुए बरामद

पुलिस ने तलाशी के दौरान महिला के पास से सहायक थानेदार की वर्दी, पंजाब पुलिस का फर्जी पहचान पत्र और दो वॉकी-टॉकी बरामद किए. शुरुआती जांच में सामने आया कि वह इन सामानों का इस्तेमाल लोगों पर पुलिस का रौब दिखाने के लिए करती थी. पुलिस का कहना है कि वह कई जगह खुद को अधिकारी बताकर लोगों से बातचीत करती थी और अपनी पहचान का गलत फायदा उठाने की कोशिश करती थी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी आईकार्ड और वर्दी उसे कहां से मिली और क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है.

एक दिन के रिमांड पर लेकर हो रही पूछताछ

पुलिस ने महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पूछताछ के दौरान पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने कब से नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को गुमराह करना शुरू किया और क्या उसने किसी से ठगी या अन्य अपराध भी किए हैं. मोगा पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान हो सकती है.