menu-icon
India Daily

पंजाब पुलिस भर्ती का इंतजार खत्म, कांस्टेबल परीक्षा तारीख हुई घोषित; जानें कब जारी होगा एडमिट कार्ड

पंजाब पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 1 जुलाई से किया जाएगा. एडमिट कार्ड जल्द जारी होंगे. चलिए जानते हैं क्या है चयन प्रक्रिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पंजाब पुलिस भर्ती का इंतजार खत्म, कांस्टेबल परीक्षा तारीख हुई घोषित; जानें कब जारी होगा एडमिट कार्ड
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. पंजाब पुलिस भर्ती बोर्ड ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की तारीखों की घोषणा कर दी है. आधिकारिक सूचना के अनुसार जिला और आर्म्ड कैडर के कुल 3,298 पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड भी जल्द ही जारी किए जाएंगे.

पंजाब पुलिस द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक यह भर्ती अभियान जिला कैडर और आर्म्ड कैडर दोनों के लिए आयोजित किया जा रहा है. भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3,298 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इनमें जिला कैडर के 2,522 पद और आर्म्ड कैडर के 776 पद शामिल हैं. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 मार्च 2026 को जारी विज्ञापन के माध्यम से शुरू की गई थी.

उम्मीदवारों के लिए क्या है सलाह?

भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी सीबीटी मोड में आयोजित होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट नियमित रूप से आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर देखते रहें. विभाग जल्द ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक सक्रिय करेगा, जिसके बाद अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे.

क्या रहेगा परीक्षा पैटर्न?

परीक्षा पैटर्न की बात करें तो सीबीटी में दो अलग-अलग पेपर होंगे. पहला पेपर उम्मीदवारों के सामान्य ज्ञान, तर्क क्षमता और अन्य विषयों से संबंधित होगा. इसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा की अवधि 2 घंटे निर्धारित की गई है.

दूसरे पेपर में क्या रहेगा?

दूसरा पेपर पंजाबी भाषा योग्यता परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा. इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और उम्मीदवारों को इसे हल करने के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा. यह पेपर सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य है. हालांकि इसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे, लेकिन उम्मीदवारों को इस पेपर में न्यूनतम 50 अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा.

क्या है चयन प्रक्रिया?

पंजाब पुलिस कांस्टेबल भर्ती की चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा देनी होगी. इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक माप परीक्षण (PMT) में शामिल होना होगा. अगले चरण में मेडिकल परीक्षण किया जाएगा. अंत में दस्तावेज सत्यापन के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.

भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें. समय पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें. यह भर्ती पंजाब पुलिस में शामिल होने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है.