पंजाब के तरनतारन जिले में BSF और जांच एजेंसियों ने पुलिस कांस्टेबल करनदीप सिंह को 15 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. इसकी कीमत 40 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है.
करनदीप सिंह अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से होने वाली तस्करी रोकने की ड्यूटी पर तैनात था. आरोप है कि वह हेरोइन की खेप सीमा से अपने गांव भुस्से ले जा रहा था. जांच एजेंसियां खेप के स्रोत, गंतव्य और अन्य आरोपियों का पता लगा रही हैं.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार को एक दुकान पर गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मानसा जिले में तनाव बना हुआ है.
बता दें कि सीमा पार तस्करी को रोकने के लिए पंजाब सरकार की ओर से एंटी ड्रोन सिस्टम नाम की पहल चलाई जा रही है. राज्य में 9 अगस्त 2025 को तरन तारण में 'बाज अख' नाम से एक एंट्री ड्रोन सिस्टम शुरू किया गया था.
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस तरह के सिस्टम तैनात करने वाला पंजाब पहला राज्य है. 51.4 करोड़ रुपए की लागत से नौ इकाइयां स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से तीन को शुरू में ही लॉन्च किया जा चुका है.
पठानकोट से फाजिल्का तक यह सिस्टम, बीएसएफ के बाद दूसरी सुरक्षा रेखा के तौर पर तैनात किया गया है. इस सिस्टम का काम ड्रोन और उनके ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन का पता लगाना है. बीएसएफ ने 30 नवंबर 2025 तक 272 ड्रोन को सीज किया है.