menu-icon
India Daily

मोहाली में लिफ्ट देना पड़ा भारी, महिला के बाद कार में घुसे दो युवक; ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटा

जीरकपुर में लिफ्ट मांगकर कार में बैठी महिला के बाद दो युवकों के घुसने का मामला सामने आया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मोहाली में लिफ्ट देना पड़ा भारी, महिला के बाद कार में घुसे दो युवक; ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटा
Courtesy: AI

रायपुररानी निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर की रात लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट पर उसने एक महिला को सिग्मा चौक तक छोड़ने के लिए कार में बैठाया था. रास्ते में दो युवक भी कार में आ गए. इसके बाद मारपीट, पैसे लेने और कार छीनकर भागने का आरोप लगाया गया.

लिफ्ट देने के बाद कार में घुसे दो युवक

अनिल के मुताबिक महिला ने अपना नाम प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर बताया और मदद मांगते हुए सिग्मा चौक तक छोड़ने को कहा. रास्ते में उसने खाने की बात कही तो अनिल ने नरूला बेकरी के पास सामान दिलाया. इसके बाद दो युवक पीछे की सीट पर बैठ गए. आरोप है कि उन्होंने अनिल से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. एक युवक ने उसकी गर्दन पकड़ी, जबकि दूसरा ड्राइविंग सीट पर बैठकर कार राजपुरा की तरफ ले गया.

छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पैसे लेने की बात

शिकायत के अनुसार युवकों ने अनिल पर महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया और उससे पैसे मांगे. आरोप है कि उसकी जेब से 7 हजार रुपये निकाल लिए गए. इसके बाद महिला ने उसका मोबाइल लेकर Google Pay का पासवर्ड मांगा. पासवर्ड देने से इनकार करने पर दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप है. डर के कारण पासवर्ड बताने पर उसके खाते से 20 हजार रुपये एक मोबाइल नंबर पर भेजे गए. इसके बावजूद उसे कार में घुमाया गया और धमकी देने का आरोप है.

ब्रेजा लेकर भागे

अनिल ने पुलिस को बताया कि रकम लेने के बाद भी आरोपितों ने उसे तुरंत नहीं छोड़ा. बाद में उसे जीरकपुर के पटियाला चौक के पास कार से नीचे उतार दिया गया. इसके बाद आरोपी उसकी सिल्वर रंग की ब्रेजा लेकर अंबाला की ओर चले गए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर, खान, स्नेहा, लवली शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है.