menu-icon
India Daily

IND vs NZ 5th ODI: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, यश ठाकुर के डेब्यू और सिराज की वापसी से मजबूत हुई टीम इंडिया

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां वनडे 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जा रहा है. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. भारत के तीन विकेट गिर चुके हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
IND vs NZ 5th ODI: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, यश ठाकुर के डेब्यू और सिराज की वापसी से मजबूत हुई टीम इंडिया
Courtesy: @CricSubhayan X Account

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला आज यानी 15 नवंबर को खेला जा रहा है. माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से उतरी हैं. मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी. अभी तक भारत के तीन विकेट गिर चुके हैं और श्रेयस अय्यर तथा अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं.

भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम है, क्योंकि पिछले मैच में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 244 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था. टीम इंडिया अब उस हार को भुलाकर निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज करना चाहेगी. वहीं न्यूजीलैंड की टीम पिछले मैच में मिली शानदार जीत के बाद अपना आत्मविश्वास बनाए रखते हुए सीरीज अपने नाम करना चाहेगी.

भारत ने जीते शुरुआती दो मुकाबले

इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की थी. ऑकलैंड और वेलिंगटन में खेले गए शुरुआती दोनों मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की थी. इसके बाद हेमिल्टन में खेला गया तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. ऐसे में भारत सीरीज में बढ़त बनाए हुए था.

हालांकि, बे ओवल में खेले गए चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने जोरदार वापसी की और भारत को 244 रनों से हराया. इस जीत के साथ कीवी टीम ने सीरीज में वापसी की. अब पांचवें मुकाबले में दोनों टीमों की नजर जीत पर है.

यश ठाकुर का वनडे डेब्यू, सिराज की भी वापसी

इस निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने तेज गेंदबाज यश ठाकुर को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है. यश ठाकुर भारत की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले 267वें खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें अक्षर पटेल ने डेब्यू कैप सौंपी.

इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है. वहीं कुलदीप यादव और गुरनूर बरार को इस मुकाबले में जगह नहीं मिली. गुरनूर बरार को टेस्ट सीरीज की तैयारियों के चलते आखिरी वनडे के लिए टीम से बाहर रखा गया है.

भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

भारत की ओर से रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज मैदान पर उतरे हैं.

वहीं न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में विल यंग, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, मैथ्यू फिशर, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर शामिल हैं.

वनडे में भारत का पलड़ा भारी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 127 वनडे मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 65 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड को 53 मुकाबलों में सफलता मिली है. दोनों टीमों के बीच आठ मैच बेनतीजा रहे और एक मुकाबला टाई हुआ. आंकड़ों के लिहाज से भारतीय टीम का पलड़ा भारी है. अब देखना होगा कि निर्णायक मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है.