अमेरिका में हवाई यात्रा का संकट रविवार, 15 नवंबर को भी जारी रहने की आशंका है. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण देशभर में हजारों उड़ानें रद्द और लेट हो गई हैं. इस समस्या से बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और उन्हें अपनी यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा है.
FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को बताया कि उड़ानों का संचालन रविवार देर रात तक ही सामान्य होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि एजेंसी तकनीकी समस्याओं को दूर करने और हवाई सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए लगातार काम कर रही है. हालांकि, एयरलाइंस के सामने उड़ानों का संचालन सामान्य करना बड़ी चुनौती बना हुआ है.
FlightAware के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार शाम 6:45 बजे (अमेरिकी समय) तक अमेरिका में 6,150 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी थीं, जबकि 7,300 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई. शुक्रवार को स्थिति इससे भी ज्यादा खराब थी. उस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद्द हुई थीं और लगभग 7,500 उड़ानों में देरी दर्ज की गई थी. वहीं, शनिवार शाम तक रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानें भी रद्द की जा चुकी थीं.
हवाई सेवाओं में आई इस बड़ी बाधा के लिए FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने यात्रियों से माफी मांगी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमेरिका का विमानन सिस्टम सुरक्षित और स्थिर है. एजेंसी जल्द से जल्द सामान्य सेवाएं बहाल करने की कोशिश कर रही है.
हालांकि, उड़ानों का संचालन शुरू करना एयरलाइंस के लिए आसान नहीं होगा. बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के कारण विमान, पायलट और अन्य क्रू मेंबर्स अलग-अलग जगहों पर फंस गए हैं. ऐसे में उन्हें दोबारा सही स्थानों पर पहुंचाकर नियमित उड़ान कार्यक्रम शुरू करना होगा. इस प्रक्रिया में समय लग सकता है.
यह संकट शुक्रवार को शुरू हुआ, जब FAA ने देशभर में ग्राउंड स्टॉप जारी कर दिया. इसके कारण लगभग पांच घंटे तक अमेरिका से उड़ान भरने वाली अधिकांश फ्लाइट्स रोक दी गईं. 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह हवाई यात्रा में आई सबसे लंबी देशव्यापी रुकावटों में से एक मानी जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए व्हाइट हाउस में आपात बैठक भी बुलाई गई. अधिकारियों ने सिचुएशन रूम में बैठक कर तकनीकी खराबी के कारणों और उसके प्रभावों पर चर्चा की. शुरुआत में आशंका जताई गई कि कहीं यह साइबर हमला तो नहीं है.
हालांकि, अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बाद में बताया कि तकनीकी समस्या FAA के ठेकेदार L3Harris की ओर से एक दूरस्थ केंद्र में कम से कम एक नया राउटर लगाने के बाद सामने आई थी. फिलहाल एजेंसी सिस्टम को स्थिर करने में जुटी है. रविवार देर रात तक उड़ान सेवाओं के काफी हद तक सामान्य होने की उम्मीद है. लेकिन लगातार रद्द हो रही उड़ानों और विमानों की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.