menu-icon
India Daily

लुधियाना- ढाबे में नशा मुक्ति केंद्र, 40 अपराधी भर्ती मिले; तीन कमरों में रखे गए थे 133 मरीज

लुधियाना के समराला में ढाबे के अंदर चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र से 133 लोगों को रेस्क्यू किया गया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
लुधियाना- ढाबे में नशा मुक्ति केंद्र, 40 अपराधी भर्ती मिले; तीन कमरों में रखे गए थे 133 मरीज
Courtesy: X

चंडीगढ़-लुधियाना हाईवे पर घुलाल टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक ढाबे में चल रहे नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई की. यहां डॉक्टर और कर्मचारी नहीं थे. तीन कमरों और एक हॉल में 133 लोग रखे गए थे. पुलिस ने कई आपराधिक मामलों से जुड़े लोगों को भी यहां पाया.

तीन कमरों में रखे थे 133 मरीज

समराला पुलिस को बंद ढाबे में नशा मुक्ति केंद्र चलने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और सिविल अस्पताल की टीम ने छापा मारा. मौके पर 133 लोग मिले, जिन्हें वहां से निकालकर दूसरी जगह भेजा गया. बताया गया कि केंद्र करीब डेढ़ साल से चल रहा था और संचालकों के पास जरूरी लाइसेंस या अनुमति नहीं थी. तीन कमरों, एक हॉल और केवल एक बाथरूम में लोगों को रखा गया था. सोने के लिए जमीन पर बिस्तर लगाए गए थे. यहां डॉक्टर और कर्मचारी भी नहीं थे.

इलाज के नाम पर हर महीने 30 लाख तक वसूली

पुलिस के अनुसार केंद्र को जगमनदीप सिंह, नवदीप सिंह, सुखविंदर सिंह और चरणप्रीत सिंह चला रहे थे. आरोप है कि मरीजों के परिवारों से हर महीने 15 से 20 हजार रुपये लिए जाते थे. डीएसपी प्रितपाल सिंह संधू के मुताबिक कुल वसूली 25 से 30 लाख रुपये तक बताई गई है. मरीजों ने यहां इलाज और खाने की व्यवस्था ठीक नहीं होने की बात कही. दवाएं किसकी सलाह पर दी जाती थीं और प्रतिबंधित दवाएं वहां कैसे पहुंचीं, इसकी जांच की जा रही है.

40 लोगों पर केस

जांच में रेस्क्यू किए गए लोगों में 40 के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज मिले. इनमें नशा तस्करी, चोरी और लूट जैसे मामले शामिल बताए गए हैं. पुलिस को 7 घोषित भगोड़े और 7 बेल जंपर भी मिले. छापे के दौरान कुछ नाबालिग भी मिले, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है. पुलिस अब केंद्र के संचालन, दवाओं और वाहन से जुड़े मामले की जांच कर रही है.