menu-icon
India Daily

'आदिवासी संस्कृति और विरासत को नमन', बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड का स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'आदिवासी संस्कृति और विरासत को नमन', बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड का स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई
Courtesy: Pinterest

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 15 नवंबर को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि विदेशी शासन के अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा. प्रधानमंत्री ने इस मौके पर झारखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होंने लिखा कि जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर पूरा देश मातृभूमि के गौरव की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को याद कर रहा है. विदेशी शासन के अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष और बलिदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा. प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया.

झारखंड स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के स्थापना दिवस पर भी राज्य के लोगों को बधाई दी. उन्होंने झारखंड को आदिवासी संस्कृति से समृद्ध और गौरवशाली राज्य बताया. पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा हुआ है.

उन्होंने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए झारखंड की प्रगति और समृद्धि की कामना की. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस विशेष अवसर पर वह राज्य के सभी लोगों के सुखद भविष्य और विकास की कामना करते हैं.

15 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है झारखंड स्थापना दिवस?

झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर हुआ था. यह तारीख महान आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर चुनी गई थी. इसी कारण हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है. इस दिन राज्यभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न आयोजनों के जरिए झारखंड की पहचान और आदिवासी विरासत को याद किया जाता है.

बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी के छोटानागपुर क्षेत्र में हुआ था. वह मुंडा जनजाति से ताल्लुक रखते थे. 19वीं सदी के अंतिम वर्षों में उन्होंने ब्रिटिश शासन, शोषण और आदिवासी समुदायों के अधिकारों के हनन के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया. उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों, संस्कृति और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया.

देशभर में मनाया जा रहा जनजातीय गौरव वर्ष

केंद्र सरकार देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देने के लिए जनजातीय गौरव वर्ष मना रही है. इसका उद्देश्य देश की आजादी और सामाजिक इतिहास में आदिवासी नायकों की भूमिका को सामने लाना है. 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के नर्मदा जिले में राष्ट्रीय स्तर का जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. देशभर में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान को याद किया जा रहा है.