कड़ी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण किसी भी मुश्किल को छोटा बना सकता है. लुधियाना के साहनेवाल की रहने वाली हरप्रीत कौर ने यही साबित किया है. मजदूर परिवार से आने वाली हरप्रीत को IIT गुवाहाटी में पढ़ाई का अवसर मिला है.
हरप्रीत कौर के पिता राम स्वरूप मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां कुलदीप कौर गृहिणी हैं. सीमित आय के बावजूद परिवार ने हमेशा बेटी की पढ़ाई को प्राथमिकता दी. हरप्रीत ने दसवीं कक्षा में 94 प्रतिशत और बारहवीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए. पढ़ाई में लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण वह स्कूल में भी चर्चा का विषय बनी रहीं. आर्थिक चुनौतियां होने के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया और आगे बढ़ने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं.
बारहवीं के बाद हरप्रीत ने स्कूल में आयोजित एचसीएल के ‘टेकबी’ प्रोग्राम के सेमिनार में हिस्सा लिया. इसके बाद उन्होंने चयन प्रक्रिया में भाग लिया। लिखित परीक्षा, वसेंट टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू जैसे कई कठिन चरणों को उन्होंने पहली ही कोशिश में पास कर लिया. चयन के बाद उन्हें लखनऊ में छह महीने की ट्रेनिंग मिली. इसके बाद उन्होंने प्रवेश परीक्षा देकर शानदार प्रदर्शन किया और IIT गुवाहाटी में Data Science और Artificial Intelligence कोर्स में प्रवेश हासिल कर लिया.
इस समय हरप्रीत नोएडा में ट्रेनिंग और इंटर्नशिप कर रही हैं. उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी मिल रहा है, जिससे परिवार को आर्थिक सहायता मिल रही है. सबसे बड़ी राहत यह है कि नेहरू सिद्धांत केंद्र ट्रस्ट उनकी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगा. हरप्रीत का कहना है कि यह अवसर सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकता है. उनका सपना पढ़ाई पूरी कर तकनीक के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करना है.