पटियाला: सीआईए स्टाफ पटियाला ने एक बड़े अभियान के तहत लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से दो ऑटोमैटिक जिगाना पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार युवक की पहचान सिमरदीप सिंह उर्फ जशन के रूप में हुई है. वह 21 साल का है और मोहाली जिले के खरड़ शहर के बज्जू माजरा कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस का कहना है कि यह युवक लॉरेंस बिश्नोई और रविंदर उर्फ काली बलोगी गैंग से जुड़ा हुआ है. रविंदर उर्फ काली बलोगी फिलहाल बुड़ैल जेल में बंद है और सिमरदीप उसका भतीजा बताया जा रहा है.
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर सिमरन सिंह शेरगिल और उनकी टीम ने राजपुरा-पटियाला रोड पर गांव शेखूपुरा के पास आरोपी को गिरफ्तार किया. मामला थाना सदर पटियाला में दर्ज किया गया है.
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मोहाली के जुबली बिल्डर ग्रुप से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. जब रंगदारी नहीं मिली तो डराने के लिए बिल्डरों के घरों पर फायरिंग की गई.
एक घटना में जुबली ग्रुप के सहयोगी सक्षम छाबड़ा को विदेशी नंबर से फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. जब रकम नहीं मिली तो चार सितंबर की मध्यरात्रि को उनके घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई.
इसी तरह जुबली ग्रुप से जुड़े बलजीत सिंह से व्हाट्सऐप ऑडियो संदेश के जरिए चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई. छह सितंबर की रात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनके घर पर भी गोलीबारी की. पुलिस का दावा है कि इन दोनों घटनाओं में इस्तेमाल हुए विदेशी हथियार अब बरामद हो गए हैं.
आरोपी सिमरदीप सिंह के खिलाफ मोहाली के थाना फेज-11 में पहले भी दो मामले दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है. आगे की पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जाएगी.