पंजाब में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी का आयोजन होने जा रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट का लोगो जारी किया. जालंधर में लीग मैच खेले जाएंगे. वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में होंगे. प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान समेत छह टीमें हिस्सा लेंगी और दर्शकों को टिकट नहीं लेना होगा.
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और चीन की टीमें खेलेंगी. ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों में रखा गया है. प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगी. लीग मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे. वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे. पंजाब सरकार इस आयोजन पर 25.40 करोड़ रुपये खर्च करेगी. दोनों स्टेडियमों को बेहतर बनाने पर 22.96 करोड़ रुपये लगाए जा रहे हैं.
टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 1 नवंबर को खेला जाएगा. पंजाब दिवस के मौके पर जालंधर में शाम 7 बजे होने वाले इस मैच को लेकर दर्शकों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दोनों टीमें खेल भावना के साथ मैदान में उतरेंगी. स्टेडियमों के लिए जालंधर में 14 करोड़ और मोहाली में 8.96 करोड़ रुपये रखे गए हैं. दोनों जगह अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं तैयार की जा रही हैं.
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के किसी भी मुकाबले के लिए दर्शकों को टिकट नहीं खरीदना होगा. सभी मैचों में प्रवेश निशुल्क रहेगा. मान ने स्कूल-कॉलेज के छात्रों, हॉकी अकादमियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से स्टेडियम पहुंचने की अपील की. उन्होंने बताया कि पंजाब के 50 से ज्यादा ओलंपिक पदक विजेता और 10 राष्ट्रीय कप्तान रहे हैं. मौजूदा वित्त वर्ष में खेल बजट 1,743 करोड़ रुपये है. 2022 से अब तक खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए हैं. राज्य 2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए भी अपना दावा मजबूत करेगा.