पंजाब में नशे के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है. भाजपा की 18 सितंबर से प्रस्तावित नशा विरोधी यात्रा से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पंजाब को बदनाम करने के बजाय दूसरे राज्यों से आने वाली बड़ी खेपों पर भी रोक लगानी होगी.
भगवंत मान ने कहा कि पाकिस्तान सीमा से पंजाब में एक-दो, पांच या 10 किलो हेरोइन पकड़ी जाती है, जबकि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से तीन-तीन हजार किलो की खेप पकड़ी गई है. उन्होंने कहा कि पंजाब को अकेले नशे के लिए जिम्मेदार बताने से समस्या खत्म नहीं होगी. पंजाब पुलिस इनपुट मिलने पर गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान तक कार्रवाई करती है. मान ने पंजाब की 533 किलोमीटर लंबी पाकिस्तान सीमा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य को अस्थिर करने की कोशिशें होती रहती हैं. उन्होंने बताया कि करीब 40 प्रतिशत पंजाब पुलिस BSF के साथ सीमा पर काम करती है.
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मार्च 2022 के बाद संगठित अपराध के खिलाफ 1,234 गैंगस्टर पकड़े गए और 12 मॉड्यूल तोड़े गए. 428 हथियार और 719 वाहन बरामद हुए. वहीं ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत 1 मार्च 2025 से 60,582 FIR दर्ज हुईं और करीब 80 हजार गिरफ्तारियां हुईं. पुलिस ने 3,803 किलो हेरोइन बरामद की. NDPS मामलों में पंजाब की कन्विक्शन रेट 89 प्रतिशत बताई गई। इस दौरान 306 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज और 102 हवाला ऑपरेटर गिरफ्तार किए गए.
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ 92 मॉड्यूल ध्वस्त किए और 86 आरोपितों को गिरफ्तार किया. 54 AK-47, करीब 600 पिस्तौल-रिवॉल्वर, 38 IED, 28.8 किलो RDX, छह RPG और 952 ड्रोन बरामद किए गए. विदेश भागे अपराधियों के खिलाफ जनवरी 2026 में OFTC बनाया गया और इस साल अब तक 10 भगोड़ों को वापस लाया गया. पुलिस के AI आधारित अपराध डेटाबेस में 4.60 करोड़ सर्च हो चुके हैं और इसकी मदद से करीब चार लाख आरोपित पकड़े गए. मान ने हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत बताई.