चंडीगढ़ में फ्री iPhone बांटने का अनोखा लंगर एक बार फिर चर्चा में है. पुलिस और प्रशासन की रोक के बावजूद कारोबारी राकेश त्रेहन ने iPhone लंगर आयोजित करने का ऐलान किया है. उनके मुताबिक, 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को iPhone 17 या उससे ऊपर का मॉडल मुफ्त में दिया जाएगा. हालांकि, प्रशासन ने भीड़ जुटने और भगदड़ की आशंका को देखते हुए आयोजन पर रोक लगाई है.
सेक्टर-10 निवासी राकेश त्रेहन का कहना है कि इस बार उनके घर या आयोजन स्थल पर भीड़ नहीं जुटाई जाएगी. उन्होंने बताया कि ड्रॉ के दौरान केवल मीडिया मौजूद रहेगी. दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच ड्रॉ निकाला जाएगा और जिस महिला का नाम चुना जाएगा, उसके घर जाकर iPhone देने की बात कही गई है. त्रेहन ने लोगों से अपील की है कि वे उनका घर घेरकर भीड़ न लगाएं. उनका दावा है कि पूरी प्रक्रिया सीमित लोगों की मौजूदगी में की जाएगी.
कारोबारी के मुताबिक, उन्होंने चंडीगढ़ और मोहाली की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं का एक WhatsApp ग्रुप बनाया है. ग्रुप में शामिल महिलाओं को रोजाना 'जय माता दी' लिखना होगा. जो सदस्य ऐसा नहीं करेगी, उसे ग्रुप से हटाने की बात कही गई है. ड्रॉ के दिन ग्रुप में शामिल सदस्यों के नाम स्क्रीन पर स्क्रॉल किए जाएंगे. जिस नाम पर स्क्रीन रुक जाएगी, उसे विजेता माना जाएगा. इसके बाद विजेता के घर जाकर मोबाइल देने की बात कही गई है.
राकेश त्रेहन इससे पहले भी अलग-अलग तरह के लंगर आयोजित करने को लेकर चर्चा में रहे हैं. 15 सितंबर 2026 को मोहाली के फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर के बाहर पैसों का लंगर लगाया गया था. इसमें 'जय माता दी' बोलने वाले लोगों को नकद राशि दी गई थी. ज्यादातर लोगों को 500 रुपये, जबकि कुछ लोगों को 1,000 और 1,500 रुपये तक दिए गए थे.
अगस्त 2026 में चंडीगढ़ के सेक्टर-8 में भी पैसों के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक बांटने का आयोजन किया गया था. इससे पहले चंडीगढ़ में पेट्रोल का लंगर लगाने का ऐलान भी किया गया था, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजन नहीं हो सका.
पुलिस और प्रशासन ने iPhone लंगर को लेकर रोक लगाई है. अधिकारियों की ओर से भीड़ जुटने और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका जताई गई है. इसके बावजूद राकेश त्रेहन का कहना है कि इस बार किसी तरह की भीड़ नहीं जुटाई जाएगी और विजेता को उसके घर जाकर मोबाइल दिया जाएगा.
राकेश त्रेहन को सोशल मीडिया पर 'राजा दी किंग' के नाम से भी जाना जाता है. वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले हैं. उनके मुताबिक, उनके पिता कपड़ा कारोबारी थे और पिता की संपत्ति का एक हिस्सा उन्हें मिला है. उनकी कारोबारी गतिविधियां डिजिटल करेंसी, ऑनलाइन फाइनेंस मार्केट, निवेश और ट्रेडिंग के साथ रियल एस्टेट व प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ी हैं.