menu-icon
India Daily

सीएम भगवंत मान को मिला जापान एशियन गेम्स का न्योता, हॉकी सेमीफाइनल और फाइनल के बने मेहमान

एशियन हॉकी फेडरेशन ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स 2026 के हॉकी सेमीफाइनल और फाइनल मैच देखने के लिए जापान आने का न्योता भेजा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
सीएम भगवंत मान को मिला जापान एशियन गेम्स का न्योता, हॉकी सेमीफाइनल और फाइनल के बने मेहमान
Courtesy: @BhagwantMann

एशियन हॉकी फेडरेशन ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स 2026 के हॉकी मुकाबले देखने का विशेष निमंत्रण भेजा है. वर्ष 2026 में एशियन गेम्स का आयोजन जापान के आइची-नागोया क्षेत्र में किया जा रहा है. फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को महिला और पुरुष हॉकी टीमों के सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.

30 सितंबर से शुरू होंगे सेमीफाइनल मुकाबले

जारी कार्यक्रम के अनुसार, महिला और पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मैच 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे. इन मुकाबलों में एशिया की शीर्ष हॉकी टीमें फाइनल में प्रवेश के लिए मैदान में उतरेंगी. मुख्यमंत्री भगवंत मान को इन रोमांचक मुकाबलों का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के खेल संबंधों को भी नया विस्तार देगा.

2 और 3 अक्टूबर को होंगे खिताबी मुकाबले

प्रतियोगिता का फाइनल और गोल्ड मेडल मैच 2 और 3 अक्टूबर को खेला जाएगा. पंजाब में हॉकी हमेशा से एक लोकप्रिय खेल रहा है और भारतीय राष्ट्रीय टीम में राज्य के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पंजाब के मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए विशेष गर्व का विषय है.

पंजाब प्रतिनिधिमंडल को मिलेगा प्रबंधन का अनुभव

इस निमंत्रण के तहत पंजाब सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल भी जापान का दौरा कर सकता है. प्रतिनिधिमंडल को विश्वस्तरीय खेल आयोजन की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के लिए प्रबंधन और मैचों के संचालन की बारीकियों को करीब से समझने का मौका मिलेगा. इस अनुभव का उपयोग पंजाब में खेल ढांचे और सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जा सकेगा.