menu-icon
India Daily

फाजिल्का में पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, 3 दोस्त गिरफ्तार; ड्रोन से आई पिस्टल और हेरोइन बरामद

फाजिल्का पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई करते थे.

KanhaiyaaZee
फाजिल्का में पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, 3 दोस्त गिरफ्तार; ड्रोन से आई पिस्टल और हेरोइन बरामद
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: फाजिल्का जिले में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप मंगवाते थे. फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़े. तलाशी में उनके पास से विदेशी निर्मित पिस्तौल और हेरोइन बरामद हुई. पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

एसएसपी गगन अजीत सिंह के मुताबिक थाना सदर के एसएचओ हरदेव सिंह बेदी की अगुवाई में पुलिस टीम फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान बाइक से आ रहे तीन युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया. तलाशी लेने पर उनके पास से ग्लॉक पिस्तौल और हेरोइन मिली. तीनों आरोपी फिरोजपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं.

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए खेप मंगाने का दावा

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 15 से 20 दिन पहले उन्होंने पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप मंगवाई थी. पुलिस के अनुसार आरोपी इससे पहले भी पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवा चुके हैं. तीनों ने हाल में मिलकर तस्करी का काम शुरू किया था.

कौन हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह उर्फ रवि, निवासी मछीवाड़ा, फिरोजपुर, रणजीत सिंह उर्फ जीता, निवासी बारेके, फिरोजपुर और निशान सिंह उर्फ धामू, निवासी बारेके, फिरोजपुर के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि तीनों मिलकर तस्करी का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे.

मोबाइल जांच से मिले अहम सुराग

एसएसपी ने बताया कि बरामद पिस्तौल विदेशी निर्मित हैं और इन्हें आगे सप्लाई किया जाना था. आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. इन सुरागों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार और नशीले पदार्थ किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे.

रिमांड में खुलेगा पूरे नेटवर्क का राज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब रिमांड के दौरान उनसे पाकिस्तान कनेक्शन, स्थानीय सहयोगियों और तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जाएगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से और कौन लोग जुड़े हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी हरविंदर सिंह के खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है.