चंडीगढ़ के दो युवा छात्रों ने अपनी मेहनत और सक्रिय भागीदारी के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर हासिल किया है. 10वीं के छात्र युवम गुप्ता और 11वीं की छात्रा अन्विका अग्रवाल रूस के कज़ान शहर में आयोजित इंटरनेशनल यूथ कैंप-2026 में हिस्सा लेंगे. यह शिविर विभिन्न देशों के युवाओं को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक समझ, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.
17 से 23 जून तक चलने वाले इस युवा शिविर में दोनों छात्र भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. कार्यक्रम में अलग-अलग देशों के युवा एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर प्राप्त करेंगे.
युवम और अन्विका पिछले तीन वर्षों से स्कूल डिप्लोमेसी क्लब्स परियोजना से जुड़े हुए हैं. यह पहल ग्लोबल यूथ फेडरेशन इंडिया और स्टेपिंग स्टोन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सहयोग से संचालित की जा रही है.
दोनों विद्यार्थियों ने रूसी छात्रों के साथ कई वर्चुअल सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया.
उनका चयन परियोजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर सक्रियता के आधार पर किया गया है. यह उपलब्धि न केवल चंडीगढ़ बल्कि देश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं.