menu-icon
India Daily

SBI बैंक में दिनदहाड़े बड़ा खेल! ब्लेड से बैग काटकर बुजुर्ग के 87500 रुपये लेकर फरार हुईं 2 शातिर महिलाएं

अबोहर के एसबीआई बैंक में दो शातिर महिलाओं ने एक बुजुर्ग व्यक्ति के बैग को ब्लेड से काटकर 87,500 रुपये निकाल लिए. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
SBI बैंक में दिनदहाड़े बड़ा खेल! ब्लेड से बैग काटकर बुजुर्ग के 87500 रुपये लेकर फरार हुईं 2 शातिर महिलाएं
Courtesy: ai generated

पंजाब के अबोहर में बैंक के भीतर चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. नकदी जमा कराने पहुंचे एक बुजुर्ग को दो महिलाओं ने अपना शिकार बनाया और कुछ ही पलों में बैग से बड़ी रकम निकालकर फरार हो गईं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बैंक में पलभर में हुई वारदात

पंजपीर नगर निवासी हरिचंद अपने पोते विशाल के साथ एसबीआई बैंक में 87,500 रुपये जमा कराने पहुंचे थे. उनका पोता बैंक के एक कोने में जमा पर्ची भरने लगा, जबकि हरिचंद नकदी से भरा बैग लेकर कतार में खड़े हो गए. इसी दौरान उनके पीछे खड़ी दो महिलाओं ने चुपचाप ब्लेड से बैग काट दिया और उसमें रखी पूरी नकदी निकालकर बिना किसी को भनक लगे मौके से निकल गईं.

पैसे जमा करते समय हुआ खुलासा

जब हरिचंद की बारी आई और उन्होंने पैसे जमा कराने के लिए बैग में हाथ डाला, तब उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दो महिलाएं चेहरे पर चुन्नी बांधे हुए दिखाई दीं. इसके बाद पीड़ित ने थाना नंबर-1 पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की.

सीसीटीवी के आधार पर जांच तेज

थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि बैंक परिसर और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जा रही है. पुलिस संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सुरागों के आधार पर जल्द ही दोनों महिलाओं तक पहुंचने की उम्मीद है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.