menu-icon
India Daily

अमृतसर में नहर टूटने से रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, युद्ध स्तर पर दरार भरने में जुटा प्रशासन

अमृतसर के चाटीविंड गांव के पास नहर में दरार पड़ने से रिहायशी इलाकों में पानी भर गया. प्रशासन मिट्टी की बोरियों और जाली की मदद से दरार भरने में जुटा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
अमृतसर में नहर टूटने से रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, युद्ध स्तर पर दरार भरने में जुटा प्रशासन
Courtesy: X

अमृतसर के तरनतारन रोड स्थित चाटीविंड गांव के पास नहर में अचानक दरार पड़ गई. नहर का पानी तेज बहाव के साथ सड़कों और साहिबजादा जुझार सिंह नगर तथा भाई मान सिंह रोड जैसे रिहायशी इलाकों में घुस गया. घुटनों तक पानी भर जाने से घरों के सामान को काफी नुकसान पहुंचा है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप

स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार, इलाके में पाइप डालने का काम चल रहा था. सरफेस वाटर की नहर के नीचे बोरिंग करके पाइप पुश करने के दौरान लापरवाही के कारण नहर क्षतिग्रस्त हो गई. पानी पाइपों के रास्तों से होकर सीधे आबादी वाले इलाकों की ओर बहने लगा, जिससे जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई.

युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एलएंडटी की टीमें मौके पर पहुंचीं. विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर और सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि सबसे पहले नहर में पानी का स्तर कम कराया गया है. दरार को बंद करने के लिए मिट्टी से भरी बोरियां और लोहे के नेट (जाल) मंगवाए गए हैं, जिन्हें ब्रीच वाली जगह पर डालकर पानी रोकने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर जुटे

अमृतसर दक्षिणी के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय सेवादार भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं. पुराने समय के बंद पड़े पाइपों से पानी के रिसाव को भी रोकने का काम जारी है. फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए नहर के पानी को डाइवर्ट किया गया है और अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.