menu-icon
India Daily

'4 लाख अफसर भेज दो, पंजाब नहीं झुकेगा!' ED की रेड पर मनीष सिसोदिया का केंद्र पर करारा प्रहार

पंजाब में ईडी की हालिया छापेमारी के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. मनीष सिसोदिया और आप नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना करार दिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'4 लाख अफसर भेज दो, पंजाब नहीं झुकेगा!' ED की रेड पर मनीष सिसोदिया का केंद्र पर करारा प्रहार
Courtesy: X

पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब भी चुनाव करीब आते हैं, भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल शुरू कर देती है. सिसोदिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पंजाब को दबाने के लिए चार लाख ईडी अधिकारी भी भेज दिए जाएं, तो भी पंजाबी डरने वाले नहीं हैं.

पंजाब में चल रही कट्टर ईमानदार सरकार: सिसोदिया

सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब पर अपना नियंत्रण स्थापित करना चाहती है और इसी नीयत से ईडी को भेजा गया है. उन्होंने कहा कि राज्य में कट्टर ईमानदार सरकार चल रही है, इसलिए ईडी को भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं मिलेगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच अधिकारी लोगों के घरों के ताले तोड़कर अंदर घुस रहे हैं, जो कि पूरी तरह से अनुचित है.

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां का पलटवार

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया. पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बयानों का जवाब देते हुए मुंडियां ने स्पष्ट किया कि वे देश छोड़कर कहीं नहीं गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भतीजे गुरप्रीत सिंह (प्रिंस) के साहनेवाल स्थित घर पर देर रात तीन बजे तक छापेमारी की गई, जिससे उनके परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस तरह के दबाव से वे पार्टी छोड़ने वाले नहीं हैं.

भगवंत मान सरकार के कामों को रोकने की साजिश का आरोप

कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के दम पर पंजाबियों को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी.

गमाडा से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में रेड

उल्लेखनीय है कि ईडी ने ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली, चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और लुधियाना में कई स्थानों पर तलाशी ली है. यह कार्रवाई तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स और उससे जुड़ी कंपनियों के परिसरों पर की गई है.