भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना इलाके में सोमवार सुबह सनसनी फैल गई. बीएचईएल गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक की सिर कटी लाश मिली. शव के साथ गंभीर क्षति भी की गई थी और मृतक का गुप्तांग भी कटा हुआ पाया गया. शव मिलने की खबर सुनते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की सूचना आसपास फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस इसकी जांच कर रही है.
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी इकट्ठा कर रही है. बीएचईएल गेट नंबर-8 और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. वे जानना चाहते हैं कि युवक को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और शव को झाड़ियों में कब लाकर फेंका गया.
मामला शुरू से ही संदिग्ध माना जा रहा है. हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस हर तरफ से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत की असली वजह और बाकी बातें साफ हो सकेंगी.
एडीसीपी भोपाल पुलिस अनिल शर्मा ने बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे एक सिर कटी हुई लाश मिली थी. उसका गुप्तांग भी कटा हुआ है. पुलिस लगातार जांच कर रही है. बॉडी का स्केच बनाया गया है और सभी थानों को सूचना दे दी गई है. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस जल्द पहचान करके मामले का खुलासा करने की कोशिश में है. फिलहाल मर्ग दर्ज कर लिया गया है और जांच हर एंगल से चल रही है.