menu-icon
India Daily

राहुल गांधी ने बालाघाट के जगला गांव में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, बच्चों की मौत को बताया 'सिस्टम की नाकामी'

बालाघाट के जगला गांव पहुंचे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कुपोषण और बीमारियों से हुई बच्चों की मौतों पर दुख जताया. उन्होंने इसे सिस्टम की नाकामी बताते हुए मुआवजे और स्वास्थ्य सुधार की मांग की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
राहुल गांधी ने बालाघाट के जगला गांव में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, बच्चों की मौत को बताया 'सिस्टम की नाकामी'
Courtesy: Social media

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले स्थित जगला गांव पहुंचे. यहां उन्होंने हाल के हफ्तों में कुपोषण, खसरा और मलेरिया जैसी बीमारियों के कारण जान गंवाने वाले मासूम बच्चों के परिवारों से मुलाकात की. राहुल गांधी ने पीड़ित माताओं और परिजनों से बातचीत कर उनका दुख साझा किया और उन्हें सांत्वना दी.

समय पर नहीं मिला सही इलाज: ग्रामीणों के आरोप

आदिवासी बाहुल्य जगला गांव और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के कारण कई बच्चों की जान चली गई. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समय पर सही इलाज, दवाइयां और पोषण आहार न मिलने की वजह से मासूमों ने दम तोड़ा. प्रदेश कांग्रेस नेताओं का दावा है कि क्षेत्र में पिछले छह महीनों से स्वास्थ्य टीम नहीं आई, आंगनबाड़ी केंद्र बंद पड़े हैं और टीकाकरण अभियान ठप है.

राहुल गांधी ने की पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग

गांव में मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये मौतें सिर्फ बीमारी से नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की नाकामी के कारण हुई हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भी बच्चों का भूख और इलाज के अभाव में मरना शर्मनाक है. उन्होंने पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को 24 घंटे चालू रखने तथा पोषण आहार योजना की जमीनी जांच कराने की मांग की.

राहुल ने पीड़ित परिवारों को दिया आश्वासन

मामले पर संज्ञान लेते हुए बालाघाट कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं. प्रशासन ने गांव में मेडिकल कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. राहुल गांधी ने परिवारों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाएगी.