रांची: झारखंड के राज्यसभा चुनाव पहले सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं. इसी क्रम में सोमवार देर शाम भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी की जीत सुनिश्चित करने और गठबंधन के विधायकों को एकजुट रखना था.
बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल तथा एनडीए के सभी विधायक मौजूद रहे. नेताओं ने चुनावी रणनीति, मतदान प्रक्रिया और आवश्यक संख्या जुटाने को लेकर विस्तृत चर्चा की.
राज्यसभा चुनाव के मौजूदा गणित के अनुसार एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन है. हालांकि जीत सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन को चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत बताई जा रही है. इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में संभावित क्रॉस वोटिंग और अंतरात्मा के आधार पर मतदान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर मतदान कर सकते हैं. उनके इस बयान को विपक्षी खेमे में संभावित असंतोष और क्रॉस वोटिंग की संभावना के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि किसी भी विधायक या दल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव हमेशा से रोचक रहे हैं. अतीत में भी कई बार क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं. इसी कारण इस बार का चुनाव भी राजनीतिक विश्लेषकों और आम लोगों की नजरों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और प्रत्याशी की जीत के लिए संगठित रूप से काम कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के कई विधायक विकास और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है.