रांची: रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे आम लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है. दिन भर की चिलचिलाती धूप के बाद अचानक हुई बारिश ने लोगों को राहत दी. करीब आधे घंटे की बरसात के कारण तापमान में भी गिरावट आई है. बारिश के चलते तापमान करीब 4 डिग्री तक गिरा है और गर्मी से परेशान आमजन को सुकून मिला. इस अचानक बदलाव ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा.
झारखंड मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बिजली गिरने का आरेंज अलर्ट जारी किया है. ये स्थिति 15 जून तक बनी रह सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा, साहिबगंज के अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद और खूंटी में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की संभावना है. जिसके लिए मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है.
पिछले एक दिन में राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. सबसे ज्यादा बारिश दुमका में 37.2 मिलीमीटर दर्ज की गई. अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया. रांची में दिन का तापमान 35.9 और रात का 26.5 डिग्री रहा.