रांची: झारखंड में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को राज्य के अधिकांश जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. हालात इतने खराब रहे कि 14 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. दोपहर में सड़कें सुनसान नजर आईं, लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए.
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान पलामू जिले में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा गढ़वा में 44 डिग्री और सरायकेला में 43.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. धनबाद में शुक्रवार इस साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया. लगातार बढ़ती गर्मी से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज भी पलामू, चतरा, गढ़वा और कोल्हान क्षेत्र के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत सरायकेला-खरसावां जिलों में हीट वेव का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है. लोगों को खासकर दोपहर के समय में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने कुछ राहत की उम्मीद भी जताई है. जानकारी के अनुसार मई महीने के अंत के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. शुक्रवार को कोल्हान क्षेत्र के कुछ जिलों में दोपहर बाद मौसम बदला और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक ज्यादा चल रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री तक ऊपर बना हुआ है.
धनबाद, बोकारो और संताल परगना के कुछ जिलों में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इससे कुछ इलाकों में लोगों को अस्थायी राहत मिल सकती है. लेकिन फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का कहर जारी रहने वाला है.
झारखंड के जिन जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया उनमें पलामू, गढ़वा, सरायकेला, धनबाद, लातेहार, कोडरमा, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, देवघर, हजारीबाग और सिमडेगा शामिल हैं. राजधानी रांची में भी तापमान 39.2 डिग्री तक पहुंच गया. डॉक्टरों ने लोगों को धूप में निकलते समय सावधानी बरतने, हल्का भोजन करने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी है.