Bigg Boss 20: रियलिटी शो बिग बॉस 20 में हर दिन के साथ विवाद और मनोरंजन का तड़का बढ़ता जा रहा है. 27 अक्टूबर के एपिसोड में ये तड़का कुछ ज्यादा ही था. इस दौरान घरवालों के बीच कई मुद्दों पर जमकर बहस देखने को मिली. कहीं किचन में खाना बनाने को लेकर झगड़ा हुआ, तो कहीं कप छिपाने और देर तक सोने की आदत ने विवाद खड़ा कर दिया.
इस दौरान माही विज, आम्रपाली दुबे, कनिका, गुल्लू और अरिश्फा के बीच तीखी नोकझोंक हुई. वहीं, गुल्लू भावुक होकर रोने लगे, जिसके बाद घर का माहौल और तनावपूर्ण हो गया. चलिए जानते हैं इस दिन किस घरवाले की लड़ाई किसके साथ हुई.
एपिसोड की शुरुआत लव गिल के साथ हुई. वीकेंड का वार पर जो बात लव और स्काउट को लेकर हुई, उसे लेकर उन्होंने कैमरा के सामने अपनी बात रखी. कैमरे के सामने उन्होंने स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काशवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी. लव गिल ने कहा कि उनकी नजर में उनका पार्टनर गलत नहीं है, लेकिन काशवी ने जो शब्द इस्तेमाल किए और आरोप लगाए, वे सही नहीं थे.
घर में सुबह अलार्म बजने के बाद सभी प्रतियोगियों को उठना होता है. लेकिन कनिका और आसिफ के देर तक सोने को लेकर अरिश्फा नाराज हो गईं. इसी बात पर अरिश्फा और आसिफ के बीच बहस शुरू हो गई. मामला तब और बढ़ गया, जब कनिका ने अरिश्फा का कप छिपा दिया. दरअसल, कुछ दिन पहले अरिश्फा भी कनिका के साथ ऐसा कर चुकी थीं. कनिका ने इसी बात का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब अरिश्फा ने वही काम किया था, तो अब उनके ऐसा करने पर नाराजगी क्यों जताई जा रही है.
कनिका और अरिश्फा के बीच चल रही बहस में गुल्लू भी शामिल हो गए. बातचीत के दौरान गुल्लू ने अरिश्फा की पढ़ाई को लेकर टिप्पणी की, जिससे विवाद और बढ़ गया. बहस के बीच गुल्लू भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल आए. हालांकि, ऐसा कहा जा रहा है कि गुल्लू अरिश्फा का मजाक बनाते हुए रो रहे थे.
इस दौरान माही विज ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की और उनका समर्थन किया. माही ने कहा कि गुल्लू ने अपनी जिंदगी में काफी कुछ हासिल किया है. गुल्लू ने भी अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए कहा कि उनके आंसू दिखावटी नहीं हैं.
एपिसोड का एक और बड़ा विवाद किचन में देखने को मिला. आम्रपाली दुबे खाना बना रही थीं, तभी माही विज ने उनसे जल्दी खाना बनाने के लिए कहा. इस पर आम्रपाली ने जवाब दिया कि वह काम को जल्दबाजी में नहीं कर सकतीं. देखते ही देखते दोनों के बीच बहस तेज हो गई. इस विवाद में गुल्लू और कनिका भी आम्रपाली के पक्ष में बोलते नजर आए. इसके बाद माही और दूसरे घरवालों के बीच भी तनाव बढ़ गया.
इस पूरे एपिसोड में घरवाले छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे से भिड़ते दिखाई दिए. कप छिपाने से लेकर खाना बनाने तक, हर मुद्दे ने बड़े विवाद का रूप ले लिया. अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में घरवालों के बीच यह तनाव कम होता है या बिग बॉस के घर में नए झगड़े देखने को मिलते हैं.