menu-icon
India Daily

SIR ड्यूटी में लापरवाही पड़ेगी भारी, झारखंड में शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई; नए निर्देश जारी

झारखंड में SIR के काम में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रतिनियुक्त शिक्षकों की रोजाना उपस्थिति दर्ज कराने और उनके काम की निगरानी के निर्देश दिए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
SIR ड्यूटी में लापरवाही पड़ेगी भारी, झारखंड में शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई; नए निर्देश जारी
Courtesy: Pinterest

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के काम में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर अब सख्त कार्रवाई होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि SIR के लिए प्रतिनियुक्त शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और उनके निर्वाचन कार्य में पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जाए. काम में जानबूझकर लापरवाही या रुचि नहीं लेने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि SIR का काम जरूरी है, लेकिन इसके कारण स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति आवश्यकता के अनुसार ही की जाए और उपलब्ध मानव संसाधन का अधिकतम एवं प्रभावी इस्तेमाल किया जाए. 

शिक्षकों के लिए क्या आया निर्देश?

साथ ही जिन स्कूलों में जरूरत से ज्यादा शिक्षकों को SIR के लिए लगाया गया है, उनकी अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें वापस स्कूल भेजने के निर्देश दिए गए हैं. प्रतिनियुक्त शिक्षकों की रोजाना उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी. इसके लिए प्रत्येक दिन रजिस्टर में उनकी उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया है. इससे यह पता चल सकेगा कि शिक्षक अपनी प्रतिनियुक्ति अवधि में वास्तव में निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारी निभा रहे हैं या नहीं.

के. रवि कुमार ने क्या कहा?

के. रवि कुमार ने कहा है कि यदि कोई शिक्षक विधिवत SIR के लिए प्रतिनियुक्त होने के बावजूद निर्धारित काम पूरा नहीं करता, काम के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं दिखाता या जानबूझकर लापरवाही करता है, तो उसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर तत्काल नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाए.

सभी जिलों में SIR के लिए प्रतिनियुक्त शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की विधानसभा क्षेत्रवार सूची भी तैयार की जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह सूची 16 सितंबर की शाम पांच बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. इससे निर्वाचन कार्य में लगाए गए कर्मचारियों की स्थिति और उनकी जिम्मेदारियों की निगरानी की जा सकेगी.

शिक्षा सचिव ने क्या बताया?

दरअसल, शिक्षकों की SIR में प्रतिनियुक्ति को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के बीच चर्चा हुई थी. शिक्षा सचिव ने बताया कि कुछ विद्यालयों में शिक्षक SIR के लिए प्रतिनियुक्त होने के नाम पर नियमित शिक्षण कार्य नहीं कर रहे हैं और कुछ शिक्षक अनधिकृत रूप से अनुपस्थित भी हैं.

इस स्थिति के कारण कई स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई. इसके बाद निर्वाचन विभाग ने शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति और उनके काम की निगरानी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. अब जरूरत के अनुसार ही शिक्षकों को SIR के काम में लगाया जाएगा, जबकि अतिरिक्त शिक्षकों को वापस स्कूल भेजा जाएगा. निर्वाचन विभाग का जोर इस बात पर है कि SIR की प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी हो और साथ ही स्कूलों में पठन-पाठन भी सुचारु रूप से चलता रहे.

Topics