menu-icon
India Daily

सिंदूरदान कराया, 40 हजार लिए और फिर मारपीट... शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से ठगी

धनबाद में राजस्थान से शादी के लिए पहुंचे परिवार ने लड़की पक्ष पर ठगी और मारपीट का आरोप लगाया है. पीड़ितों के मुताबिक, 40 हजार रुपये लेने के बाद सामान खरीदवाया गया और सुनसान जगह ले जाकर हमला किया गया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
सिंदूरदान कराया, 40 हजार लिए और फिर मारपीट... शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से ठगी
Courtesy: Pinterest

झारखंड के धनबाद में शादी के नाम पर राजस्थान से पहुंचे एक परिवार के साथ कथित ठगी और मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि लड़की पक्ष ने विवाह तय कराने के बदले उनसे 40 हजार रुपये लिए. इसके बाद दूल्हे और उसके परिजनों को कपड़े खरीदने के लिए दुकान ले जाया गया. यहां 23 हजार रुपये की खरीदारी कराने के बाद उन्हें सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की गई और मोबाइल छीन लिया गया.

शादी की बात लेकर बरवाअड्डा पहुंचा परिवार

राजस्थान के अरवल जिले के बगडतराय गांव निवासी श्याम अपने बेटे गुल्लू की शादी के लिए पत्नी गुड्डी और भाई रमेश के साथ बरवाअड्डा पहुंचे थे. मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव की एक लड़की से जुड़ा है. पीड़ितों के अनुसार, करीब 10 दिनों से लड़की पक्ष की एक महिला फोन पर शादी की बातचीत कर रही थी. बात तय होने के बाद परिवार सोमवार को धनबाद आया.

40 हजार रुपये लेने का आरोप

परिवार का दावा है कि विवाह तय होने के बाद लड़की के परिजनों ने 40 हजार रुपये फोन के जरिए ट्रांसफर करवाए. इसके बाद एक स्थान पर शादी की रस्म के तौर पर सिंदूरदान भी कराया गया. पीड़ितों के मुताबिक, उन्हें लगा कि विवाह की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, लेकिन कुछ ही समय बाद घटनाक्रम ने अलग मोड़ ले लिया.

कपड़े की दुकान पर कराई खरीदारी

शादी की रस्म पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोग दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड स्थित एक कपड़े की दुकान पर ले गए. वहां उनसे करीब 23 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए. परिवार के अनुसार, खरीदारी पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों का रवैया बदल गया और उन्हें बहाने से दूसरी जगह ले जाया गया.

सुनसान जगह पर मारपीट का आरोप

पीड़ित परिवार के अनुसार, उन्हें एक सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की गई. इसी दौरान दूल्हे के पिता श्याम का मोबाइल भी छीन लिया गया. घटना के बाद परिवार काफी डर गया और सीधे बरवाअड्डा थाने पहुंचा. वहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पीड़ित परिवार ने पुलिस को कपड़े की दुकान से मिली 23 हजार रुपये की खरीदारी की रसीद भी सौंपी है. रसीद पर दुकान का नाम दर्ज है. पुलिस पीड़ितों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही आरोपों में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है.