menu-icon
India Daily

गुरुग्राम में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, कई इलाकों में छाया अंधेरा; जानें कैसी है अभी की स्थिति

गुरुग्राम के सेक्टर-72 स्थित 220 KVA पावर स्टेशन में ट्रांसफॉर्मर फटने और आग लगने के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. घटना ऑयल लीकेज और तकनीकी खराबी के कारण हुई. चलिए जानते हैं कैसी है अभी स्थिति.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
गुरुग्राम में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, कई इलाकों में छाया अंधेरा; जानें कैसी है अभी की स्थिति
Courtesy: Pinterest

गुरुग्राम: गुरुग्राम में शुक्रवार रात बड़ा बिजली संकट देखने को मिला, जब सेक्टर-72 स्थित 220 KVA पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई. धमाके के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई. इस घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई क्षेत्रों में घंटों तक अंधेरा छाया रहा. हालांकि बिजली विभाग ने तेजी से काम करते हुए अब स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बता दिया है.

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:50 बजे पावर स्टेशन के करंट ट्रांसफॉर्मर में ऑयल लीकेज हुआ. इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण तेज धमाका हुआ और ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई. कार्यकारी इंजीनियर अनिल मलिक ने बताया कि यह हादसा थर्मल हीटिंग के कारण हुआ. उन्होंने कहा कि ब्रेकर ट्रिप करने की कोशिश से पहले ही ट्रांसफॉर्मर फट गया और आग भड़क उठी.

हादसे के बाद कैसी थी स्थिति?

इस हादसे के बाद सेक्टर-52 और सेक्टर-56 समेत कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई. करीब सात पावर स्टेशनों की सप्लाई प्रभावित हुई. इसके चलते सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52 और 56 के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. रात के समय अचानक बिजली कटने से लोग घरों और दफ्तरों में परेशान नजर आए.

और कहां-कहां पड़ा इसका असर?

घटना का असर रैपिड मेट्रो सेवा पर भी पड़ा. बिजली बाधित होने के कारण मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए रोक दी गई थी. हालांकि अधिकारियों ने तेजी से मरम्मत कार्य शुरू किया और करीब 8:15 बजे तक मेट्रो सेवा बहाल कर दी गई.

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के PRO संदीप चुघ ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण करंट ट्रांसफर सर्किट में ऑयल लीकेज हुआ था, जिससे धमाका और आग लगी. विभाग की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और इमरजेंसी रिपेयर शुरू किया गया.

अधिकारियों ने क्या बताया?

बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रातभर मेहनत कर खराब सर्किट को ठीक किया और धीरे-धीरे सभी प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी. अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है. विभाग अब पूरे सिस्टम की तकनीकी जांच कर रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. स्थानीय लोगों ने भी समय रहते बिजली बहाल करने के लिए कर्मचारियों की सराहना की.