menu-icon
India Daily

गुरुग्राम में सफायर 90 मॉल के स्पा सेंटरों पर पुलिस की रेड, 50 लोग हिरासत में; कई लड़कियों के नाबालिग होने का शक

गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 मॉल में पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने 18 स्पा सेंटरों पर संयुक्त छापेमारी की. इनमें से 8 सेंटरों में संदिग्ध गैरकानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिलने की बात सामने आई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
गुरुग्राम में सफायर 90 मॉल के स्पा सेंटरों पर पुलिस की रेड, 50 लोग हिरासत में; कई लड़कियों के नाबालिग होने का शक
Courtesy: Pinterest

गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 मॉल में शनिवार रात पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्पा सेंटरों पर बड़ी संयुक्त कार्रवाई की. रात करीब 10 बजे से सुबह 3 बजे तक चले इस ऑपरेशन में मॉल के 18 स्पा सेंटरों की जांच की गई. पुलिस के मुताबिक, इनमें से 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैरकानूनी गतिविधियों के सबूत मिले.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 30 महिलाओं और 20 पुरुषों को हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार, ये लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनकी भूमिका और स्पा सेंटरों में चल रही गतिविधियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.

महिला आयोग की चेयरपर्सन भी रहीं मौजूद

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं. ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने कार्रवाई की. करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें 20 इंस्पेक्टर भी शामिल थे. यह कार्रवाई अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी और एसीपी हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी की निगरानी में की गई.

कुछ युवतियों को जबरन धकेले जाने का दावा

महिला आयोग की चेयरपर्सन के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में कुछ युवतियों ने उन्हें देह व्यापार में जबरन धकेले जाने की बात बताई है. हालांकि, इन दावों की पुलिस जांच कर रही है. अधिकारियों को कुछ महिलाओं के नाबालिग होने का भी संदेह है. उनकी उम्र की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने कुछ स्पा सेंटरों से संदिग्ध नशीले पदार्थ मिलने की भी बात कही है. इन पदार्थों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है.

डिजिटल और दस्तावेजी सबूत किए गए जब्त

एसीपी अभिलक्ष जोशी के मुताबिक, 18 में से 8 स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैरकानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले हैं. कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ भौतिक और दस्तावेजी सबूत भी जब्त किए गए. अब पुलिस स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य संभावित मददगारों की भूमिका की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.