menu-icon
India Daily

गुरुग्राम हिट एंड रन मामले का आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग

Gurugram Hit-And-Run Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कथित तौर पर कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

Shilpa Shrivastava
गुरुग्राम हिट एंड रन मामले का आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग
Courtesy: India Daily

Gurugram Hit-And-Run Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कथित तौर पर कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच शुरू की गई.

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई थीं. इनमें से एक टीम राजस्थान पहुंची और दौसा से आरोपी को हिरासत में लिया. अब आरोपी को गुरुग्राम लाया जाएगा. बता दें कि बाइकर सिया रविवार सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर अपने बाइक से जा रही थीं. इसी दौरान एक कार ने कथित तौर पर उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी.

हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग:

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कार्रवाई की मांग की. सिया के परिवार ने भी आरोप लगाया था कि कार चालक ने जानबूझकर कार का इस्तेमाल टक्कर मारने के लिए किया. परिवार ने पुलिस से मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी.

CCTV फुटेज की जांच के बाद जोड़ी गई गंभीर धारा:

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि शुरुआत में सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को ध्यान से देखा गया. जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 जोड़ी है, जो हत्या के प्रयास से संबंधित है. पुलिस के अनुसार, इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा हो सकती है.

परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए थे सवाल:

सिया के परिवार ने पहले पुलिस जांच को लेकर नाराजगी जताई थी. परिवार का कहना था कि घटना के करीब 48 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी. परिवार ने यह भी कहा था कि अगर हत्या के प्रयास की धारा नहीं जोड़ी गई तो वे अदालत का रुख करेंगे. अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है.

वायरल वीडियो से पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान:

गुरुग्राम पुलिस के सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने 14 सितंबर को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर देखा. पुलिस ने बताया कि पीड़िता की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने कहा है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.