menu-icon
India Daily

‘मैं मर सकती थी!’ गुरुग्राम में बाइकर ने आरोपी ड्राइवर को दिया जवाब, शेयर किया नया वीडियो

Gurugram Biker Accident: गुरुग्राम में बाइक सवार एक महिला के साथ हुए सड़क हादसे का मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है. बाइक राइडर और इंस्टाग्राम क्रिएटर सिया ने हादसे के बाद पहली बार वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

Shilpa Shrivastava
‘मैं मर सकती थी!’ गुरुग्राम में बाइकर ने आरोपी ड्राइवर को दिया जवाब, शेयर किया नया वीडियो
Courtesy: Instagram

Gurugram Biker Accident: गुरुग्राम में बाइक सवार एक महिला के साथ हुए सड़क हादसे का मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है. बाइक राइडर और इंस्टाग्राम क्रिएटर सिया ने हादसे के बाद पहली बार वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने उस कार चालक के बयान पर सवाल उठाए हैं, जिस पर उनकी बाइक को कार से टक्कर मारने का आरोप है.

करीब तीन मिनट के वीडियो में सिया ने कहा कि अगर कार में बैठे लोगों को उनके घायल होने का इतना अफसोस था, तो हादसे के बाद वे मौके पर क्यों नहीं रुके. उन्होंने कहा, “अगर आपको इतना अफसोस था तो रुके क्यों नहीं? मेरी मौके पर ही मौत हो सकती थी.”

कार चालक के बयान पर सिया ने उठाए सवाल:

सिया ने अपने वीडियो की शुरुआत कार चालक कल्याण बैंसला के एक मीडिया इंटरव्यू के हिस्से से की. इंटरव्यू में बैंसला कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें यह पता नहीं था कि बाइक कौन चला रहा था और मामले का केवल एक पक्ष सामने आया है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उस लड़की के लिए काफी दुख हुआ.

सिया ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कार में मौजूद लोगों को लग रहा था कि बाइक सवार बार-बार स्पीड बढ़ा और घटा रहे हैं, तो वो इतने लंबे रास्ते तक उनके पीछे क्यों चलते रहे. उन्होंने कहा कि उनके पास मौजूद वीडियो में साफ दिखाई देता है कि किसने दूसरे व्हीकल को रास्ते में घेरने की कोशिश की.

‘आपको पता था कि बाइक महिला चला रही है’- सिया

सियाने कार चालक के उस कथित बयान को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें यह पता नहीं था कि बाइक पर महिला सवार थी. सियाके मुताबिक, कार सवार उनके काफी करीब आए थे और उन्होंने उन्हें रुकने के लिए इशारे भी किए थे. ऐसे में उनका यह कहना कि उन्हें पता ही नहीं था कि बाइक महिला चला रही है, समझ से परे है. उन्होंने कहा कि कार सवारों ने उन्हें देखा था और उनके साथ बातचीत या इशारे भी किए थे. 

‘दो वीडियो भी काफी हैं’- सिया

कार चालक ने यह सवाल उठाया था कि मौके पर करीब 22 से 23 लोग मौजूद थे, लेकिन केवल दो वीडियो सामने आए हैं. इस पर सिया ने कहा कि हिट एंड रन जैसे मामले में दो क्लियर वीडियो भी महत्वपूर्ण सबूत हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि एक वीडियो में कार सामने की लेन से तीसरी लेन की ओर आती दिखाई देती है और उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद वहां से निकल जाती है.

सिया ने कहा कि दूसरा वीडियो उनके अपने कैमरे से रिकॉर्ड हुआ है. उनके मुताबिक, इसमें कार पहली लेन से तीसरी लेन की तरफ आती है, उनकी बाइक को टक्कर मारती है और कुछ दूरी तक बाइक को घसीटने के बाद वह सड़क पर गिर जाती हैं.

‘अगर अफसोस था तो हादसे के बाद रुके क्यों नहीं?’- सिया

सियाने ने कहा कि अगर कार सवारों को सही में उनकी चिंता थी, तो उन्हें हादसे के तुरंत बाद कार रोककर यह देखना चाहिए था कि बाइक सवार सुरक्षित हैं या नहीं. सिया ने कहा कि दुर्घटना का परिणाम और गंभीर हो सकता था. उनकी हड्डियां टूट सकती थीं या उनकी जान भी जा सकती थी. उन्होंने कहा कि ऐसे में हादसे के बाद मौके पर रुकना और घायल व्यक्ति की मदद करना सबसे जरूरी था.