menu-icon
India Daily

'दो दिन पहले कार ले गया था दोस्त', गुड़गांव हिट-एंड-रन केस में वाहन मालिक का बयान

गुड़गांव के कथित हिट-एंड-रन मामले में कार मालिक मनीष ने दावा किया है कि हादसे के वक्त वह खुद वाहन में मौजूद नहीं था. उसके मुताबिक, उसका दोस्त कल्याण सिंह दो दिन पहले कार लेकर गया था और उसे सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिली.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'दो दिन पहले कार ले गया था दोस्त', गुड़गांव हिट-एंड-रन केस में वाहन मालिक का बयान
Courtesy: X (@IndiaDaily_24X7)

गुड़गांव हिट-एंड-रन केस में अब नई जानकारी सामने आई है. कार मालिक मनीष ने बताया कि घटना के समय वह अपने काम पर था. उसके मुताबिक, कल्याण सिंह ने कहीं जाने की बात कहकर उससे कार ली थी. मनीष ने कहा कि सिंह करीब दो दिन पहले वाहन लेकर गया था और हादसे की जानकारी उसे सोमवार सुबह मिली.

मनीष के अनुसार, जानकारी मिलने के बाद उसने कल्याण सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर बात नहीं हो सकी. इसके बाद उसने अपने पिता और कुछ अन्य लोगों को सिंह के घर भेजा. कार मालिक ने बताया कि कल्याण सिंह हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है. उसने यह भी कहा कि वह सेना में काम करता है.

महिला बाइकर ने लगाए थे गंभीर आरोप

यह मामला तब सामने आया जब सिया नाम की महिला बाइकर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया. सिया के मुताबिक, रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से बाइकरबर्न्स की ओर जा रही थीं. इसी दौरान एक कार ने कथित तौर पर उनका पीछा करना शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कार में सवार लोग आक्रामक व्यवहार कर रहे थे और उन्हें वाहन रोकने के लिए कहा जा रहा था. सिया ने ड्राइवर से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ती रहीं.

सिया की मोटरसाइकिल पर लगे कैमरे में घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है. साझा किए गए फुटेज में कार को बाइक के करीब आते और उससे टकराते हुए देखा जा सकता है. आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. सिया ने यह भी दावा किया था कि कार में मौजूद लोग नशे में लग रहे थे. हालांकि, इस दावे की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस ने लिया वायरल वीडियो का संज्ञान

गुड़गांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस सेक्टर 56 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है. अधिकारियों ने कहा है कि घटना में शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.