पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में कैंसर के इलाज का झांसा देकर बुजुर्ग दंपती से 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि दो शातिर फर्जी डॉक्टर बनकर बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचे और महिला के इलाज के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की.
आरोपियों ने इलाज के दौरान महिला को कोई अज्ञात पदार्थ सुंघाया और बाद में सिरिंज दिखाकर दंपती को डराते हुए रुपये ऐंठ लिए. सेक्टर-10 निवासी राजेंद्र कुमार की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनके पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है.
राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रेणू गुप्ता के बाएं हाथ में कैंसर है और उनका इलाज चल रहा है. करीब दो महीने पहले वीआईपी रोड निवासी मनोज मेहरा नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया.
शिकायत के मुताबिक, मनोज मेहरा ने दावा किया कि मुंबई के एक विशेषज्ञ डॉक्टर पंचकूला आते हैं और उनकी पत्नी का बेहतर इलाज कर सकते हैं. उसने डॉक्टर समेत कुछ अन्य लोगों के मोबाइल नंबर भी दिए. इसके बाद वह लगातार दंपती के संपर्क में रहा और पंचकूला में ही इलाज कराने का भरोसा देता रहा.
राजेंद्र कुमार के अनुसार, 25 जून की सुबह करीब 9 बजे दो व्यक्ति डॉक्टर बनकर उनके घर पहुंचे. दोनों ने उनकी पत्नी के इलाज के नाम पर कुछ प्रक्रिया शुरू की. इसी दौरान महिला को कोई अज्ञात पदार्थ सुंघाए जाने का आरोप है. इसके बाद दंपती के मानसिक रूप से भ्रमित होने की बात शिकायत में कही गई है. आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने सिरिंज दिखाकर बुजुर्ग दंपती को डराया और उनसे 5 लाख रुपये की मांग की.
शिकायत के अनुसार, दंपती ने रुपये देने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर दबाव बनाकर उनसे 5 लाख रुपये ले लिए. इसके बाद दोनों ने दो दिन बाद दोबारा संपर्क करने की बात कही और वहां से चले गए. बाद में राजेंद्र कुमार को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अब शिकायत में बताए गए लोगों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती से संपर्क कैसे किया और क्या इस तरह से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया है.
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज का भरोसा देकर बुजुर्ग दंपती से लाखों रुपये की ठगी का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही ठगी के तरीके और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर साफ हो सकेगी.