menu-icon
India Daily

बैंक ग्रहकों के लिए बड़ी खबर! हरियाणा में 28 से 30 सितंबर रहेगी हड़ताल; जल्द निपटा लें जरूरी काम

हरियाणा में बैंक यूनियनों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के चलते 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति बन रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बैंक ग्रहकों के लिए बड़ी खबर! हरियाणा में  28 से 30 सितंबर रहेगी हड़ताल; जल्द निपटा लें जरूरी काम
Courtesy: Pinterest

हरियाणा में अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है. बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है. इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी. ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक की शाखाएं बंद रहने की स्थिति बन रही है.

बैंक यूनियनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर यह हड़ताल बुलाई है. कुरुक्षेत्र में ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के मंडल सचिव नरोत्तम कुमार ने बताया कि यूनियनों की मांगों पर अब तक सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.

11 सितंबर को हुई थी सांकेतिक हड़ताल

बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की थी. इस दौरान कर्मचारियों ने शनिवार की छुट्टी समेत अपनी प्रमुख मांगों को उठाया था. यूनियन के मुताबिक, मांगों पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिए जाने के बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल करने का फैसला लिया गया. इस हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में जाकर होने वाले काम प्रभावित हो सकते हैं. इनमें नकद लेनदेन, चेक से जुड़े काम और अन्य शाखा आधारित सेवाएं शामिल हो सकती हैं.

ATM, UPI और डिजिटल बैंकिंग रहेगी जारी

हड़ताल के दौरान ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को चालू रखने की बात कही गई है. एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा. हालांकि, किसी सेवा की उपलब्धता संबंधित बैंक की व्यवस्था पर निर्भर कर सकती है. इसलिए जिन ग्राहकों को शाखा जाकर जरूरी काम करना है, उन्हें पहले ही काम निपटाने की सलाह दी गई है.

25 सितंबर तक निपटा लें जरूरी काम

26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल रहेगी. इस तरह लगातार पांच दिन शाखा स्तर की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. ग्राहक अपने जरूरी शाखा संबंधी काम 25 सितंबर तक निपटा सकते हैं. इसके बाद सामान्य बैंक शाखा सेवाएं 1 अक्टूबर से मिलने की उम्मीद है. डिजिटल माध्यमों के जरिए होने वाले लेनदेन इस दौरान जारी रखने की योजना है.